रायपुर (28 नवंबर 26)। छत्तीसगढ़ से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में घायल हो गईं। उनके हाथ में फ्रैक्चर होने की जानकारी मिली है। उन्हें बेहतर उपचार के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायपुर में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी वर्मा बलौदाबाजार में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद रायपुर लौट रही थीं। इसी दौरान रायपुर से खरोरा की ओर जा रही एक कार और खरोरा से रायपुर की तरफ आ रहे ट्रैक्टर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना के कुछ देर बाद सांसद का वाहन भी हादसे का शिकार हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना में सांसद के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि उनके वाहन चालक के सीने और हाथ में चोट आई है। सांसद के वाहन में कुल चार लोग सवार थे। अन्य घायलों को उपचार के लिए खरोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। घटना की सूचना मिलते ही खरोरा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों और घायलों की स्वास्थ्य स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।