भोपाल (28 नवंबर 26)। अपर मुख्य सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग शिव शेखर शुक्ला ने कहा है कि जनपरिचय नागरिकों की सुविधा की दृष्टि से महत्वपूर्ण और समयानुकूल पहल है। जनपरिचय से नागरिकों को सभी शासकीय सेवाओं के लिए एकल लॉगिन की सुविधा मिलेगी।डिजिटल सेवाओं का उद्देश्य नागरिकों का समय बचाना और प्रक्रियाओं को सरल बनाना होना चाहिए। बार-बार ओटीपी दर्ज करने जैसी प्रक्रियाओं को कम करने के लिए सेवाओं का सुरक्षित ऑटोमेशन आवश्यक है। एक बार नागरिकों का डेटाबेस तैयार होने के बाद विभिन्न विभागों एवं संस्थानों को आवश्यकतानुसार प्रमाणित जानकारी उपलब्ध कराई जा सकेगी। इससे नागरिकों का समय बचेगा और शासकीय सेवाएं अधिक सरल एवं सहज बनेंगी। अपर मुख्य सचिव शुक्ला शुक्रवार को आर.सी.वी.पी. नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी, भोपाल में ‘जनपरिचय-मेरी पहचान’ (नेशनल सिंगल साइन-ऑन-एनएसएसओ) के प्रभावी क्रियान्वयन एवं तकनीकी एकीकरण पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। कार्यशाला का आयोजन राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी), इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, केन्द्र सरकार द्वारा किया गया।
अपर मुख्य सचिव शुक्ला ने कहा कि डेटा प्राइवेसी एवं सुरक्षा के मजबूत प्रावधानों के साथ जनपरिचय के माध्यम से नागरिक-केंद्रित, सुगम और सुरक्षित सेवाओं को बढ़ावा दिया जा सकता है। राज्य सरकार एनआईसी के साथ समन्वय कर इस पहल को आम नागरिकों तक पहुंचाएगी और ई-गवर्नेंस के क्षेत्र में मध्यप्रदेश की पहचान को और मजबूत करेगी। कार्यशाला में प्रदेश के विभिन्न विभागों ने अपने नागरिक-केंद्रित पोर्टल, एप्लीकेशन एवं मोबाइल एप्लीकेशन को राष्ट्रीय एकल साइन-ऑन प्लेटफॉर्म से निर्धारित समय-सीमा में एकीकृत करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। राज्य सूचना-विज्ञान अधिकारी एवं उप महानिदेशक, एनआईसी मध्यप्रदेश सुनील जैन ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन के विभिन्न विभागों की अधिकांश सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। आयुक्त, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण दिनेश जैन ने बताया कि उनका विभाग सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) एवं न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर उपार्जन जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं का संचालन करता है, जिनसे प्रदेश की बड़ी आबादी जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि नागरिकों के डिजिटल जीवन को सुगम बनाने के उद्देश्य से विभाग की प्रमुख एप्लीकेशन्स को निर्धारित समय-सीमा में राष्ट्रीय एकल साइन-ऑन प्लेटफॉर्म से एकीकृत किया जाएगा।
कार्यशाला के तकनीकी सत्रों में शासकीय एप्लीकेशन एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग में नागरिकों के समक्ष आने वाली चुनौतियों और वर्तमान परिदृश्य पर चर्चा की गई। तकनीकी सत्र में एप्लीकेशन डेवलपर्स एवं विभागीय तकनीकी टीमों को जनपरिचय की प्लग-एंड-प्ले प्रमाणीकरण सुविधा की जानकारी दी गई। कार्यशाला में जनपरिचय प्लेटफॉर्म पर पंजीयन, केवायसी एवं सिंगल-क्लिक ऑनबोर्डिंग प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन किया गया। इस दौरान एनआईसी मुख्यालय एवं मध्यप्रदेश की विशेषज्ञ टीम ने राष्ट्रीय एकल साइन-ऑन प्लेटफॉर्म की प्रणाली संरचना, प्रमुख विशेषताओं, साइबर सुरक्षा मानकों एवं समर्थित एकीकरण प्रक्रियाओं पर विस्तृत प्रस्तुतियां दीं। जनपरिचय एक सिंगल साइन-ऑन एप्लीकेशन है, जिसके माध्यम से विभिन्न शासकीय सेवाओं को एक ही प्रमाणीकरण प्रणाली के अंतर्गत एकीकृत किया जा सकता है। यह केंद्रीकृत प्रमाणीकरण सेवा नागरिकों को एक ही लॉगिन आईडी एवं पासवर्ड से अनेक एप्लीकेशन और सेवाओं का उपयोग करने की सुविधा देती है।