नईदिल्ली (28 नवंबर 26)। प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने शुक्रवार को कहा कि चीन की मदद से पाकिस्तान की अंतरिक्ष क्षमता में सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि चीन के पास मौजूद 'पोजिशनल नेविगेशन' और अन्य क्षेत्रों से जुड़ी क्षमताएं पाकिस्तान को भी उपलब्ध होंगी, इसलिए भारत को अपनी रणनीति बनाते समय इन बातों को ध्यान में रखना होगा। उन्होंने यह बात यहां आयोजित एक संवादात्मक सेमिनार के दौरान कही।
सीडीएस से चीन द्वारा बुधवार को तीन अंतरिक्ष यात्रियों वाले शेनझोउ-24 अंतरिक्ष यान के सफल प्रक्षेपण के बारे में सवाल पूछा गया था। इस यान में पाकिस्तान के मुहम्मद जीशान अली भी शामिल थे। अली चीन के इस तरह के अंतरिक्ष कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले पहले विदेशी नागरिक हैं। पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री की चीन के अंतरिक्ष मिशन में भागीदारी को लेकर पूछे गए सवाल पर जनरल राजा सुब्रमणि ने कहा, "पाकिस्तान की अंतरिक्ष क्षमता से जुड़े आपके पहले सवाल पर मैं कहना चाहूंगा कि हां, चीन की मदद से उसकी अंतरिक्ष क्षमता में सुधार हो रहा है। इसके अलावा पाकिस्तान का अपना संगठन एसयूपीएआरसीओ भी अपनी क्षमता विकसित करने के लिए काम कर रहा है।" पाकिस्तान स्पेस एंड अपर एटमॉस्फियर रिसर्च कमीशन (एसयूपीएआरसीओ) पाकिस्तान की राष्ट्रीय अंतरिक्ष एजेंसी है।
सीडीएस ने कहा, 'हमें यह भी मानकर चलना होगा कि तुर्किये भी उसकी मदद करेगा। चीन के पास खुफिया जानकारी जुटाने और निगरानी करने की क्षमता , पोजिशनल नेविगेशन, समय निर्धारण आदि के क्षेत्र में जो भी क्षमताएं उपलब्ध हैं, वे पाकिस्तान को भी मिलेंगी। इसलिए हमें अपनी रणनीति बनाते समय इन बातों को ध्यान में रखना होगा। पाकिस्तान की निगरानी और खुफिया जानकारी जुटाने की क्षमता बेहतर होगी। लेकिन इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए हमें अपनी क्षमताओं को बढ़ाने पर ध्यान देना होगा।'