भोपाल (25 नवंबर 26)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आउटसोर्स कर्मचारियों को बाहर करने के संबंध में फैलाई जा रही बात भ्रामक है, राज्य सरकार कर्मचारी कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्पष्ट किया कि किसी भी आउट सोर्स कर्मचारी को बाहर नहीं किया जाएगा। आउटसोर्स कर्मचारियों की नियुक्ति के संबंध में वर्तमान में जारी व्यवस्था कायम रहेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसी सरकार की ताकत और पहचान कर्मचारियों की बुलंदी से होती है। कर्मचारियों के चेहरे पर मुस्कान होगी, तभी प्रदेश प्रगति के रास्ते पर बढ़ेगा।मुख्यमंत्री डॉ. यादव मुख्यमंत्री निवास (संवाद भवन) में मंगलवार को विभिन्न कर्मचारी संगठनों द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी कल्याण आयोग के अध्यक्ष श्री रमेश शर्मा के नेतृत्व में लगभग 40 कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का गजमाला से भव्य स्वागत किया। साथ ही शासकीय सेवाओं में नियुक्ति और कार्यरत कर्मचारियों के लिए दो संतान की सीमा की नीति को अनिवार्यत: समाप्त करने, पदोन्नति, वेतन भत्तों में वृद्धि सहित अनेक कल्याणकारी निर्णयों के लिए कर्मचारी संगठनों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार नीतियां बनाती है, योजनाएं तैयार करती है, लेकिन उन्हें लागू कर अंतिम पंक्ति के जरूरतमंद को लाभ हमारे कर्मचारी ही दिलवाते हैं। कर्मचारियों का सम्मान और उनके परिवार की आर्थिक सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कर्मचारियों के प्रति संवेदनाएं रखनी चाहिए। कई काम ऐसे होते हैं, जिन्हें करने में आत्मीय सुख होता है, जिसका प्रकटीकरण नहीं किया जा सकता है। कर्मचारियों के कल्याण के लिए निर्णय भी इसी प्रकार के कार्य हैं। भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री कुलदीप सिंह गुर्जर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कर्मचारियों की वर्षों से लंबित समस्याओं का निराकरण किया। मध्यप्रदेश सरकार अधिकारियों-कर्मचारियों को पदोन्नति देने के मामले में अग्रणी है। यह निर्णय मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता को दर्शाता है। प्रदेश के कई विभागों में सरकारी नियुक्तियां की जाएंगी। विभिन्न वर्गों में कर्मचारियों के लिए वेतन विसंगतियों का भी निराकरण हुआ है। मध्यप्रदेश, देश का इकलौता राज्य है, जहां कर्मचारी कल्याण आयोग और कर्मचारी कल्याण समिति दोनों कार्यरत हैं। अभिनंदन समारोह में मध्यप्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष संतोष कुमार गांधी, म.प्र. लघु वेतन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष महेंद्र शर्मा, म.प्र. शिक्षक कांग्रेस के अध्यक्ष नवीन चतुर्वेदी, म.प्र. राज्य कर्मचारी संघ के अध्यक्ष हेमंत श्रीवास्तव, म.प्र. अनुसूचित जाति जनजातीय अधिकारी-कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष मुकेश मौर्य, संविदा कर्मचारी संघ अध्यक्ष रमेश राठौर, म.प्र. सचिवालय मंत्रालय शीघ्रलेखक संघ अध्यक्ष सुभाष वर्मा, नगर निगम और नगर पालिका कर्मचारी संघ अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सोलंकी, म.प्र. ग्रामीण कृषि अधिकारी संघ के संरक्षक मनोहर गिरि, वाहन चालक संघ प्रदेशाध्यक्ष मनोज कुमार सहित भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन जितेंद्र श्रीवास्तव ने किया।