Sunday, 15 Nov 2026

CBSE 10वीं-12वीं की परीक्षाओं के लिए डेट शीट जारी

नईदिल्ली (07 नवंबर 26)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाएं 16 फरवरी, 2027 से शुरू होंगी। बोर्ड ने शुक्रवार को यह घोषणा की। बोर्ड के मुताबिक, 10वीं कक्षा की परीक्षाएं नौ मार्च को समाप्त होंगी, जबकि 12वीं की परीक्षाएं नौ अप्रैल तक चलेंगी।

सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने कहा, 'दसवीं कक्षा के विद्यार्थी 83 विषयों और 12वीं कक्षा के विद्यार्थी 121 विषयों की परीक्षाओं में शामिल होंगे। परीक्षा शुरू होने से 101 दिन पहले समय सारिणी जारी की जा रही है।' उन्होंने कहा कि 10वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों द्वारा आमतौर पर एक साथ चुने जाने वाले विषयों की परीक्षाओं के बीच पर्याप्त अंतराल रखा गया है। भारद्वाज ने कहा, 'बारहवीं कक्षा के छात्रों के लिए प्रमुख प्रवेश परीक्षाओं की संभावित समय सारिणी को ध्यान में रखा गया है। 

बोर्ड परीक्षाओं को इन प्रवेश परीक्षाओं के शुरू होने से काफी पहले पूरा करने की पूरी कोशिश की गई है, ताकि छात्र अपनी तैयारी को बेहतर ढंग से व्यवस्थित कर सकें।' उन्होंने बताया कि 2027 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए 12वीं कक्षा के कुल 19.8 लाख से अधिक छात्रों और 10वीं कक्षा के 26.5 लाख से अधिक छात्रों ने पंजीकरण कराया है। सीबीएसई के मुताबिक, 10वीं और 12वीं कक्षा के छात्र 16 फरवरी को, एक ही दिन, अपनी पेंटिंग और भौतिकी की परीक्षाओं में शामिल होंगे। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!