पचमढ़ी/छिंदवाड़ा (15 नवंबर 26)। मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सतपुड़ा टाइगर रिजर्व, पचमढ़ी में पदस्थ सहायक संचालक संजीव कुमार शर्मा के ठिकानों पर छापेमारी की है। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत पर 14 नवंबर को लोकायुक्त भोपाल संभाग की टीम ने पचमढ़ी स्थित शासकीय आवास और कार्यालय के साथ छिंदवाड़ा स्थित उनके निजी निवास पर सर्च ऑपरेशन चलाया। कार्रवाई में अब तक करीब 7 करोड़ 60 लाख रुपये की संपत्ति का खुलासा हुआ है।
लोकायुक्त को गोपनीय जानकारी मिली थी कि संजीव कुमार शर्मा ने अपनी पत्नी और अन्य निजी व्यक्तियों के साथ मिलकर आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है। डीएसपी वीरेंद्र सिंह द्वारा किए गए प्राथमिक सत्यापन में उनकी ज्ञात आय से लगभग 228 प्रतिशत अधिक संपत्ति होने की संभावना सामने आई थी। इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(1)(B) एवं 13(2) के तहत मामला दर्ज किया गया। लोकायुक्त की शुरुआती कार्रवाई में सामने आई संपत्ति का विवरण इस प्रकार है: नकदी: 26 लाख 36 हजार 800 रुपये। सोना: 2.528 किलोग्राम, अनुमानित कीमत करीब 3.50 करोड़ रुपये। चांदी: 1.656 किलोग्राम, अनुमानित कीमत 2.94 लाख रुपये। वाहन: स्कॉर्पियो, महिंद्रा KUV, बुलेट और स्कूटर। अनुमानित कीमत 31.20 लाख रुपये। ईकोटेल रिजॉर्ट: अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये। सेरेनिटी द विला: अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये। घरेलू सामान: करीब 50 लाख रुपये। इसके अलावा जमीनों की खरीद-बिक्री से संबंधित 28 दस्तावेज भी मिले हैं।
लोकायुक्त के मुताबिक होटल और रिजॉर्ट का विस्तृत मूल्यांकन कराया जाएगा। जमीनों से जुड़े दस्तावेजों और अन्य संपत्तियों की जांच भी की जा रही है। ऐसे में विवेचना आगे बढ़ने के साथ कथित अवैध संपत्ति का आंकड़ा बढ़ने की संभावना जताई गई है।