Sunday, 15 Nov 2026

निमाड़ में भूकंप से हिली धरती, फैली दहशत

खरगोन (15 नवंबर 26)। मध्य प्रदेश के खरगोन, बुरहानपुर और खंडवा जिले में शनिवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता 4.5 बताई जा रही है। तेज कंपन महसूस होते ही लोगों में दहशत फैल गई और वे अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, भूकंप सुबह 9 बजकर 15 मिनट पर आया। इसका केंद्र खरगोन जिले में जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई पर था। भूकंप का केंद्र 21.590 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 75.552 डिग्री पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया।

बुरहानपुर कलेक्टर विवेक कुमार ने बताया कि बुरहानपुर शनिवार सुबह करीब 9 बजकर 15 मिनट पर बुरहानपुर में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। शहर के मालीवाड़ा, सिंधीबस्ती, इतवारा सहित कई इलाकों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों ने झटके महसूस होने की जानकारी दी। वहीं खरगोन पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा ने बताया कि वह अपने शासकीय बंगले में बैठे थे तभी अचानक तेज कंपन महसूस हुआ। इस दौरान बंगले की खिड़कियां और अलमारी हिलने लगीं। उनके बच्चे भी घबरा गए। वर्मा के अनुसार, कंपन काफी तेज था और करीब दो से तीन सेकंड तक महसूस हुआ। शहर के अमन नगर, करीम नगर और गुलशन नगर सहित विभिन्न इलाकों में भी लोगों ने धरती में कंपन महसूस किया। अचानक आए झटकों से घबराकर लोग घरों से बाहर निकल आए। कुछ देर तक इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। एसपी वर्मा ने बताया कि खरगोन शहर के अलावा भीकनगांव से भी भूकंप के झटके महसूस होने की सूचना मिली है। वहीं, कलेक्टर गुरु प्रसाद ने बताया कि जिले के विभिन्न स्थानों से कंपन की जानकारी मिल रही है। संबंधित अधिकारियों को अलर्ट कर स्थिति की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल जिले में कहीं से भी जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।

खंडवा जिले के कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने इस घटना की जानकारी देते हुए बताया कि आज सुबह लगभग सवा 9 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। उन्होंने कहा, 'जब इसके बारे में पता किया गया तो इसका एपीसेंटर (केंद्र) खरगोन से लगभग 23 किलोमीटर दूर पाया गया है। यह केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई (डेप्थ) में था'। कलेक्टर ने बताया कि लगभग साढ़े चार रिक्टर स्केल के मैग्नीट्यूड वाले इस भूकंप से जिले में अब तक किसी भी प्रकार के जानमाल के नुकसान की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!