Sunday, 22 Nov 2026

68वें कालिदास समारोह का शुभारम्भ

उज्जैन (22 नवंबर 26)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि महाकवि कालिदास का स्मरण ही आनंद देने वाला है। उनकी लेखनी ने भारतीय सांस्कृतिक चेतना को विश्व पटल पर अमर कर दिया है। आज 68वें कालिदास समारोह के शुभारंभ अवसर पर हम इस कालजयी विभूति का स्मरण कर रहे हैं। अपने समय में कालिदास ने रंगमंच, कला और साहित्य सहित सभी विषयों पर अपनी लेखनी चलाई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कालिदास समारोह के संस्थापक पंडित सूर्य नारायण व्यास को याद करते हुए कहा कि उनके द्वारा बोया गया बीज आज विशाल वृक्ष बन चुका है। उन्होंने कहा की कालिदास के उदाहरण से हम यह समझ सकते हैं की साधना, संकल्प, ज्ञान व समर्पण से व्यक्ति नई ऊंचाइयां हासिल कर सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कला संस्कृति का सम्मान करने में मध्यप्रदेश महती भूमिका का निर्वहन कर रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कालिदास अलंकरण के लिए चुनी गई वाणी त्रिपाठी को बधाई दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को अयोध्या के एयरपोर्ट से कालिदास समारोह के उदघाटन समारोह से वर्चुअली जुड़े और उन्होंने उपस्थित विद्वानों को संबोधित किया।

इस अवसर पर संस्कृति राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि उज्जैन भारतवर्ष की दार्शनिक व आध्यात्मिक परंपरा का प्रमुख केंद्र है। इस नगरी के महाकवि कालिदास ने साहित्य व दर्शन पर अपनी लेखनी चलाई है। राज्यमंत्री लोधी ने कहा कि कालिदास एक महर्षि व मनीषी थे। उन्होंने आत्मा के अनंत रहस्य का उद्घाटन करने का काम किया है। उनका साहित्य देव भाषा संस्कृत में लिखा गया है। उनकी साहित्य साधना प्रकृति व जीवन के बीच तादातम्य स्थापित करती है। कालिदास के द्वारा प्रतिपादित जीवन मूल्य उन्हें सार्वभौमिक बनाते है। कालिदास समारोह के अवसर पर अतिथियों द्वारा प्रसिद्ध रंगकर्मी श्रीमती वाणी त्रिपाठी को अखिल भारतीय कालिदास अलंकरण से सम्मानित किया गया। इसमें उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं 5 लाख रूपये का चेक भेंट किया गया।

कालिदास समारोह के शुभारंभ अवसर पर राज्यसभा सांसद उमेशनाथ महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, महापौर मुकेश टटवाल, नगर निगम सभापति कलावती यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष कमला कुंवर, उपाध्यक्ष शिवानी कुवर, नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, कालिदास समारोह की केंद्रीय समिति के रूप पमनानी, कालिदास संस्कृत अकादमी के निदेशक गोविंद गंधे, संस्कृति संचालक एनपी नामदेव, कुलगुरु अर्पित भारद्वाज, शिव शंकर मिश्रा, अतिथि अरुण रंजन मिश्रा, बालकृष्ण शर्मा, शैलेंद्र कुमार शर्मा सहित बड़ी संख्या में प्रोफेसर, छात्र एवं रंगमंच के प्रतिनिधि मौजूद थे।

Tags:

Follow us

This question is not available..!