Friday, 27 Nov 2026

IIT हो या ITI, दोनों देश की असली संपत्ति: PM मोदी

लखनऊ (22 नवंबर 26)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ में आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कौशल विकास, व्यावसायिक शिक्षा और युवाओं की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश के विकास में IIT और ITI दोनों संस्थानों के विद्यार्थियों का समान महत्व है। ये युवा देश की असली संपत्ति, क्षमता और भविष्य हैं। पीएम मोदी ने समाज में ITI से पढ़ाई करने वाले छात्रों को लेकर बनी धारणा पर चिंता जताते हुए कहा कि अब इस सोच को बदलने का समय आ गया है।

प्रधानमंत्री ने कौशल विकास के इतने बड़े आयोजन के लिए लखनऊ को चुनने पर केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी की सराहना की। उत्तर प्रदेश से सांसद होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देशभर से आए युवा साथियों का स्वागत करना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। उन्होंने युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव पार किया है और अब वे सीधे राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में अपनी भूमिका निभाने जा रहे हैं। कौशल विकास के महत्व को रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री ने भारत के पारंपरिक कौशल और कारीगरी के इतिहास का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब विदेशी आक्रमणकारी भारत आए, उस समय देश समृद्धि के दौर से गुजर रहा था और पूरी दुनिया के लिए आकर्षण का केंद्र था। आक्रमणकारियों ने सबसे पहले भारत की कारीगरी और कौशल पर प्रहार किया। पीएम मोदी ने ब्रिटिश शासन और मैकाले की शिक्षा व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि अंग्रेजों ने भी भारतीय कौशल को कमजोर करने के लिए अपनी रणनीति अपनाई। उन्होंने ऐसी शिक्षा प्रणाली लागू की, जिसने देश की पारंपरिक कौशल आधारित व्यवस्था को सीमित कर दिया और कागजी काम करने वाले क्लर्क तैयार करने पर अधिक जोर दिया। प्रधानमंत्री ने अपने दिन के कार्यक्रमों का जिक्र करते हुए बताया कि वह सुबह दिल्ली से पश्चिम बंगाल गए थे, जहां उनका पहला कार्यक्रम भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) में था। इसके बाद लखनऊ में ITI के विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर भी उन्हें उतना ही उत्साह और ऊर्जा महसूस हुई।

Tags: