Saturday, 28 Nov 2026

स्टील फैक्ट्री में भीषण धमाका, 17 मरे, 13 घायल

इजमिर (11 नवंबर 26)। तुर्किये के पश्चिमी हिस्से में एक स्टील फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट ने औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इजमिर शहर के पास स्थित हाबास स्टील कारखाने में सोमवार को हुए धमाके में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। शुरुआती जांच के अनुसार, औद्योगिक भट्ठी में ऊपर लगी एक भारी क्रेन गिरने से यह विस्फोट हुआ। हादसे के बाद घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान चलाया गया। हादसा स्थानीय समयानुसार सोमवार सुबह 11 बजकर 46 मिनट पर इजमिर से करीब 60 किलोमीटर उत्तर में अलीआगा स्थित हाबास स्टील फैक्ट्री में हुआ।

इजमिर के गवर्नर के मुताबिक, कारखाने में एक बॉयलर को बदलने का काम चल रहा था। इसी दौरान ऊपर लगी क्रेन एक बड़ी औद्योगिक भट्ठी में गिर गई, जिससे जोरदार विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास के इलाके में लोगों को भूकंप जैसा झटका महसूस हुआ। प्रत्यक्षदर्शी डेनिज उलकर ने बताया कि धमाके के बाद सड़क के दूसरी ओर स्थित फैक्ट्री से घना काला धुआं उठता दिखाई दिया। चिमनी के पास आग भी लग गई थी।तुर्किये के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोगन ने हादसे पर दुख जताते हुए मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि घायलों में दो की हालत गंभीर है। इजमिर के महापौर जेमिल तुगाय ने कहा कि मलबा पूरी तरह हटाए जाने के बाद ही मृतकों और घायलों की वास्तविक संख्या स्पष्ट हो सकेगी।

इस दुर्घटना के बाद फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। तुर्किये की लेबर पार्टी की इजमिर इकाई ने दावा किया कि पिछले तीन सप्ताह में कारखाने में यह तीसरी जानलेवा घटना है। पार्टी के अनुसार, पिछले 10 वर्षों में इस कारखाने में दुर्घटनाओं के कारण सात कर्मचारियों की मौत हो चुकी है। संगठन ने आरोप लगाया कि कारखाने में रखरखाव संबंधी आवश्यकताओं और सुरक्षा मानकों का उचित पालन नहीं किया जा रहा था। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!