गुवाहाटी (12 नवंबर 26)। इटली में बुधवार को ईमेल के जरिए मिली बम रखे होने की धमकी के बाद लगभग 300 स्कूलों को खाली करा लिया गया। हाल के हफ्तों में विमानन और प्रसारण कंपनियों को मिली बम धमकियों के बाद, यूरोपीय संस्थानों में व्यवधान की यह ताजा घटना है। आयरलैंड, स्कॉटलैंड और उत्तरी आयरलैंड के स्कूलों को भी इसी तरह की धमकियां मिलीं, लेकिन वहां विद्यालय खाली कराए जाने की कोई खबर नहीं है।
इतालवी प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने एक बयान में कहा कि इटली में स्कूलों के लिए किसी 'ठोस खतरे' का कोई संकेत नहीं है, और इन धमकियों का मकसद 'घबराहट एवं चिंता पैदा करना' लगता है। उन्होंने कहा कि जांच जारी है और आज मंत्रियों की बैठक बुलाई गई है। समाचार एजेंसी 'लाप्रेस' सहित इतालवी मीडिया द्वारा हासिल की गई ईमेल की प्रति में मेलोनी को भी धमकी दी गई। हालांकि, मेलोनी ने अपने बयान में खुद को मिली धमकी का कोई जिक्र नहीं किया, और उनके कार्यालय की ओर से भी इस पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं आई। इटली के रक्षा मंत्री गुइडो क्रोसेटो ने कहा कि ईमेल के ज़रिए दी गई धमकियां 'दहशत फैलाने या चिंता पैदा करने' पर केंद्रित हैं। यह ईमेल एक अज्ञात समूह के नेता की ओर से आया। इसमें बेहद हिंसक धमकियां दी गईं। इस पर वही रूसी नाम लिखा था, जिसका इस्तेमाल पिछले हफ्ते यूरोपीय प्रसारकों को दी गईं धमकियों में किया गया था। अधिकारियों ने इन धमकियों के लिए किसी समूह या देश को जिम्मेदार नहीं ठहराया है, और ऐसा कोई सबूत भी सामने नहीं आया है जो इन धमकियों को किसी सरकार से जोड़ता हो।
उत्तरी आयरलैंड की पुलिस ने कहा कि सैकड़ों स्कूलों को धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद जांच की जा रही है। स्कॉटलैंड की पुलिस ने कहा कि वह इसी तरह की धमकियों को झूठ मान रही है और उसे स्कूल खाली कराने की जरूरत नहीं लगती। समाचार एजेंसी 'लाप्रेस' की रिपोर्ट के अनुसार, इटली के शिक्षा मंत्री ग्यूसेप वाल्डिटारा ने बताया कि 312 स्कूलों को ईमेल के जरिए धमकियां मिली हैं। इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो तजानी ने शनिवार को कहा था कि उनका निजी डेटा डार्क वेब पर लीक हो गया है। मेलोनी ने इसके लिए रूस समर्थक हैकरों को जिम्मेदार ठहराया।