Sunday, 15 Nov 2026

पशुपालन-दुग्धोत्पादन से आएगी घर-घर समृद्धि

ग्वालियर (13 नवंबर 26)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि खेती-किसानी ही हमारी ग्रामीण अर्थव्यवस्था का आधार है। उन्होंने कहा कि किसान खेती के साथ-साथ पशुपालन और दुग्ध उत्पादन में आगे आए। इसी से किसानों के खेत-खलिहान और घरों में समृद्धि आएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश के किसानों को समृद्ध बनाने के लिए सरकार उन्नत पशुधन के पालन-पोषण पर विशेष ध्यान दे रही है। हम प्रदेश में पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए हर साल एक लाख बछिया तैयार करेंगे और इन्हें किसानों को देंगे। इससे प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ेगा और तभी हर किसान के घर में समृद्धि आएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शुक्रवार को ग्वालियर जिले के ग्राम कुलैथ में विशाल पशुपालक सम्मेलन एवं पशु मेले का शुभारंभ कर ये विचार व्यक्त किए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसानों की समृद्धि हमारे लिए सर्वोपरि है। हमने प्रदेश के सभी वृंदावन ग्रामों में दुधारू पशुपालकों की स्वस्थ प्रतियोगिता करवाई और श्रेष्ठ पशुपालकों (विजेताओं) को ट्रेक्टर, बुलेट मोटरसाइकिल, स्कूटी सहित नगद पुरस्कार भी दिए हैं। प्रदेश के सभी जिलों में बलराम कृषि महोत्सव आयोजित कराए। इन प्रयासों से हम किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मप्र में ढाई करोड़ से अधिक पशुधन हैं। इनमें एक करोड़ से अधिक गौमाता हैं और शेष भैंसवंशी नस्ल के पशु हैं। हमारे पास इतना विशाल पशुधन होने का आशय यह है कि हम बहुत जल्द दुग्ध उत्पादन के मामले में देश में अव्वल स्थान पर आएंगे। सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना के 7 हजार से अधिक श्रमिक भाई-बहनों के खातों में 175 करोड़ रूपए की सहायता राशि एवं सामाजिक सुरक्षा एवं दिव्यांगजन पेंशन योजना अंतर्गत 34.58 लाख से अधिक हितग्राहियों को 207.48 करोड़ रूपए की पेंशन राशि सिंगल क्लिक से अंतरित की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कुलैथ में हो रही बैलगाड़ी दौड़ प्रतियोगिता का आनंद लिया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर कुलैथ के जगन्नाथ मंदिर के विकास के लिए 51 लाख रूपए देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्राम पंचायत क्षेत्र में निहिथपुर से महेश्वरा तक एक किमी पक्की सड़क बनाने, लंका वाले हनुमान मंदिर तक पक्की रोड़ बनाने तथा एक अन्य मार्ग का निर्माण करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की सहज मांग पर गांव में एक सामुदायिक भवन बनाने की भी घोषणा की। डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने ग्रामीण आबादी क्षेत्रों में स्थित संपत्तियों की नि:शुल्क रजिस्ट्री के लिए मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना की शुरुआत की है। इसके अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को उनकी संपत्ति का पक्का अधिकार दिलवाने का जिम्मा हमारी सरकार ने उठाया है।

कार्यक्रम को सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाहा, शिवराज सिंह यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में मप्र राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया, मप्र राज्य कुक्कुट विकास निगम के अध्यक्ष केशव सिंह भदौरिया, मप्र राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) के अध्यक्ष महेन्द्र सिंह यादव, विधायक  मोहन सिंह राठौर, कौशल शर्मा, लोकेन्द्र सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में पशुपालक एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।

Tags:

Follow us

This question is not available..!