नईदिल्ली (14 अक्टूबर 26)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के प्रदर्शनों को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए मंगलवार को कहा कि उन्हें (राहुल को) 2029 में एक बार फिर करारी हार के लिए तैयार रहना चाहिए, क्योंकि देश की जनता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ है। शाह ने कहा कि कांग्रेस जिस तरह की 'नकारात्मक राजनीति' कर रही है, उससे उसे कोई फायदा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल को जनता को समझने और उससे जुड़ने की जरूरत है।
केंद्रीय गृह मंत्री ने यहां संवाददाताओं से कहा, 'मैं राहुल जी और उनके सहयोगियों से कहना चाहता हूं कि वे एक बार फिर करारी हार के लिए तैयार रहें। वर्ष 2029 के आम चुनाव में राजग भारी बहुमत से जीतने जा रहा है और कांग्रेस लगातार चौथी बार हार का सामना करेगी।' शाह ने कहा, 'इस देश की जनता नरेन्द्र मोदी जी, भाजपा और राजग के साथ है। आप इस सच्चाई को नकार नहीं सकते।' राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि देश की जनता घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की उनकी योजनाओं को जानती है।
शाह ने कहा, 'मैं राहुल गांधी जी से सीधे पूछना चाहता हूं कि क्या यह विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का नतीजा है? एसआईआर की शुरुआत तो 2024 के बाद ही हुई।' शाह ने कहा कि जब से राहुल गांधी कांग्रेस के प्रमुख नेता बने, फिर पार्टी अध्यक्ष बने और अब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं, तब से कांग्रेस लगातार चुनाव हारती रही है। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, 'आपको आत्ममंथन करने की जरूरत है। मनगढ़ंत मीडिया कार्यक्रमों और झूठ की गूंज के जरिये आप देश की जनता का विश्वास नहीं जीत सकते।'