मुंबई (18 नवंबर 26)। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने नॉन-बैंकिंग फाइनेंस सेक्टर में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 63 वित्तीय कंपनियों के रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिए हैं। RBI की ओर से 16 नवंबर को जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, 49 नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनियों (NBFC) का सर्टिफिकेट ऑफ रजिस्ट्रेशन रद्द किया गया है। इन कंपनियों के खिलाफ यह कार्रवाई 1 अक्टूबर से 29 अक्टूबर के बीच की गई थी। वहीं, 13 NBFC और एक हाउसिंग फाइनेंस कंपनी ने स्वेच्छा से अपना रजिस्ट्रेशन सरेंडर कर दिया है। यह पूरी कार्रवाई भारतीय रिजर्व बैंक अधिनियम, 1934 के तहत की गई है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर RBI ने इन कंपनियों के खिलाफ यह कदम क्यों उठाया और इसका आम लोगों पर क्या असर पड़ेगा?
RBI के नोटिफिकेशन के अनुसार, इन कंपनियों के रजिस्ट्रेशन रद्द होने के पीछे अलग-अलग कारण हैं। कुल 14 कंपनियों ने स्वेच्छा से अपना रजिस्ट्रेशन वापस किया है। इनमें छह कंपनियां ऐसी थीं, जिन्होंने NBFC के तौर पर अपना कारोबार बंद कर दिया था। इसके अलावा पांच कंपनियों को अब RBI से NBFC रजिस्ट्रेशन बनाए रखने की जरूरत नहीं थी। वहीं, तीन कंपनियों का विलय हो गया था या वे अन्य कारणों से कानूनी रूप से अस्तित्व में नहीं थीं। इसी आधार पर उनका रजिस्ट्रेशन भी रद्द कर दिया गया। RBI ने स्पष्ट किया है कि जिन कंपनियों का सर्टिफिकेट ऑफ रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया गया है, वे अब NBFC के रूप में कारोबार नहीं कर सकतीं। इसका मतलब है कि ये कंपनियां RBI के रजिस्ट्रेशन के तहत नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनी के तौर पर लोन देने या वित्तीय गतिविधियां संचालित करने की पात्र नहीं रहेंगी। इसलिए ग्राहकों को किसी भी कंपनी से वित्तीय लेन-देन करने से पहले उसकी मौजूदा रजिस्ट्रेशन स्थिति की जांच जरूर करनी चाहिए। RBI के पास नियमों और निर्धारित शर्तों का पालन नहीं करने वाली NBFC के खिलाफ कार्रवाई करने का अधिकार है। इसके अलावा कुछ अन्य परिस्थितियों में भी कंपनी का रजिस्ट्रेशन रद्द किया जा सकता है।
इनमें प्रमुख कारण हैं: RBI के नियमों और दिशानिर्देशों का पालन नहीं करना। NBFC कारोबार के लिए निर्धारित शर्तों को पूरा नहीं करना। कंपनी की ओर से वित्तीय कारोबार बंद कर देना। कंपनी का विलय हो जाना या उसका कानूनी अस्तित्व समाप्त हो जाना। कंपनी की ओर से स्वेच्छा से रजिस्ट्रेशन सरेंडर करना।
इन कंपनियों के नाम भी सूची में शामिल RBI की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, कानूनी अस्तित्व समाप्त होने या अन्य संबंधित कारणों से जिन कंपनियों का रजिस्ट्रेशन रद्द किया गया, उनमें शामिल हैं: मणिभवनाम होम फाइनेंस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, सन सोर्स लीफिन प्राइवेट लिमिटेड, लियानर डिस्ट्रीब्यूटर्स प्राइवेट लिमिटेड। वहीं, स्वेच्छा से रजिस्ट्रेशन वापस करने वाली कंपनियों में निम्न नाम शामिल हैं: अमर प्लाजा एंड होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड, विकोनिक व्यापार प्राइवेट लिमिटेड, CGR मर्केंटाइल फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड, ब्रावो कैपिटल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड
मनीष सिंथेटिक्स प्राइवेट लिमिटेड, राइट ट्रेजन फाइनेंस एंड लीजिंग (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड।
RBI की इस कार्रवाई के बाद आम लोगों के लिए यह जरूरी हो गया है कि वे किसी भी NBFC से लोन लेने या वित्तीय लेन-देन करने से पहले उसकी वैधता की जांच जरूर करें। किसी अनजान फाइनेंस कंपनी के आकर्षक लोन ऑफर या कम ब्याज दर के झांसे में आने से बचें। कंपनी का RBI में रजिस्ट्रेशन है या नहीं, इसकी जानकारी केंद्रीय बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध NBFC की सूची से प्राप्त की जा सकती है।