Tuesday, 24 Nov 2026

क्लीन एंड ग्रीन सिंहस्थ की तैयारी

भोपाल (24 नवंबर 26)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि विश्व के सबसे बड़े धार्मिक मेले सिंहस्थ-2028 के प्रबंधन में कोई कमी न रहे। समय रहते सभी प्रकार की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाये। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ की सुचारू व्यवस्थाओं के लिए जितने भी काम निर्माणाधीन है या मंज़ूर हो चुके हैं, वे सभी काम हर हाल में 2027 के अंत तक पूरे कर लिए जायें‌। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षिप्रा नदी के सभी घाटों तक पहुंच के लिए पक्के रास्ते बनाए जायें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अब हर महीने सिंहस्थ की मंत्रि-मंडलीय समिति की बैठक आयोजित कर निर्माणाधीन और प्रक्रियाधीन कामों की समीक्षा की जायेगी। उन्होंने कहा कि इस बार का सिंहस्थ क्लीन एंड ग्रीन सिंहस्थ की थीम पर आयोजित किया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को मंत्रालय में सिंहस्थ 2028 की सभी व्यवस्थाओं की मंजूरी और निगरानी के लिए गठित मंत्रिमंडलीय समिति की सप्तम बैठक को संबोधित कर रहे थे। 

बैठक में मंत्रि-मण्डलीय समिति ने पर्यवेक्षण समिति द्वारा अनुशंसित किये गये 2801.75 करोड़ रुपए की लागत के 33 प्रस्तावित कार्यों पर मंजूरी दे दी। सिंहस्थ महाकुंभ मेले की तैयारियों को गति देने के लिए मंत्रि-मंडलीय समिति के अधीन पर्यवेक्षण समिति की 9वीं और 10वीं बैठकों में अनुशंसित कुल 33 कार्य स्वीकृति के लिए प्रस्तुत किए गए। इनकी अनुमानित लागत 2801.75 करोड़ रुपए है। इनमें 9वीं बैठक के 16 कार्य (1457.04 करोड़) और 10वीं बैठक के 17 कार्य (1344.71 करोड़) शामिल हैं। ये कार्य मेला क्षेत्र में अस्थायी अधोसंरचना, बिजली, स्वच्छता, स्वास्थ्य, अग्निशमन, यातायात, आवास और सुरक्षा व्यवस्थाओं से जुड़े हैं, ताकि देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित अनुभव मिल सके। ऊर्जा विभाग ने सिंहस्थ 2028 के दौरान मेला क्षेत्र, घाटों और प्रमुख मार्गों पर निर्बाध एवं वैकल्पिक बिजली वितरण व्यवस्था के लिए 387.99 करोड़ की अस्थायी कार्ययोजना प्रस्तुत की। स्वच्छ सिंहस्थ के संकल्प के तहत उज्जैन नगर निगम ने शौचालय, मूत्रालय और स्नानघरों के निर्माण, संचालन एवं रखरखाव के लिए 393.53 करोड़ का प्रस्ताव रखा। 

लोक निर्माण विभाग द्वारा मेला क्षेत्र के समतलीकरण (20.51 करोड़), 122 किमी अस्थायी सड़कों (34.82 करोड़), घाटों तक 17 किमी अस्थायी पाथ-वे (32.34 करोड़) तथा पार्किंग एवं सर्विस क्षेत्र के विकास (112.34 करोड़) के प्रस्ताव रखे गए। जोनल कार्यालयों, सेक्टर कार्यालयों, उप-कार्यालयों और 40,000 लोगों की क्षमता वाली डॉरमेट्री सहित प्रशासनिक टेंट व्यवस्था के लिए 120.38 करोड़ प्रस्तावित हैं। शहर के 147 जंक्शनों के उन्नयन, लैंडस्केपिंग और 27 स्थलों पर प्लेस मेकिंग के लिए 100 करोड़ रुपए का प्रस्ताव रखा गया है। कालिदास अकादमी परिसर में भरत विशाल रंगमंच के सामने 11.18 करोड़ से स्थायी डोम-शेड बनाया जाएगा, जिससे हर वर्ष अस्थायी डोम पर होने वाला खर्च बचेगा। गृह विभाग (पुलिस) ने सिंहस्थ की सुरक्षा के लिए कुल 1862.67 करोड़ के उपकरण और वाहन खरीदने के प्रस्ताव रखे। इनमें बम निरोधक दस्ते (BDDS) के उपकरण 207.61 करोड़, सुरक्षा उपकरण 207,33 करोड़, एटीएस उपकरण 22.92 करोड़, साइबर उपकरण 5.41 करोड़, यातायात एवं भीड़ प्रबंधन उपकरण 220.06 करोड़ और वाहन 199.34 करोड़ रुपए शामिल हैं। इन सभी प्रस्तावित कार्यों का उद्देश्य सिंहस्थ-2028 को सुरक्षित, स्वच्छ, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु केन्द्रित आयोजन बनाना है।

बैठक में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप, नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) नीरज मंडलोई, अपर मुख्य सचिव संजय दुबे, अपर मुख्य सचिव मनीष रस्तोगी, अपर मुख्य सचिव संजय कुमार शुक्ल, अपर मुख्य सचिव शिव शेखर शुक्ला, प्रमुख सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) सुखबीर सिंह, अन्य प्रमुख सचिव, सचिव सहित उज्जैन संभाग एवं जिले के वरिष्ठतम प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित थे।

Tags:

Follow us

This question is not available..!