Saturday, 28 Nov 2026

चीन बांग्लादेश भेज रहा था मिसाइल बनाने की सामग्री

जकार्ता (24 नवंबर 26)। दक्षिण एशिया में चीन की बढ़ती सैन्य सक्रियता के बीच एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने बांग्लादेश को भेजी जा रही एक बड़ी खेप पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चीन से बांग्लादेश जा रहे एक मालवाहक जहाज को इंडोनेशियाई नौसेना ने बीच समुद्र में रोककर उसमें लदा 405 टन सोडियम परक्लोरेट जब्त किया है। यह रसायन रॉकेट और मिसाइलों में इस्तेमाल होने वाले प्रणोदक के निर्माण में काम आता है। इंडोनेशियाई नौसेना के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, जब्त रसायन की मात्रा से करीब 100 मिसाइलों के लिए प्रणोदक तैयार किया जा सकता है। इस घटना ने बांग्लादेश की सैन्य तैयारियों और चीन के साथ उसके बढ़ते रक्षा सहयोग को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि इस रसायन का इस्तेमाल वास्तव में मिसाइल निर्माण के लिए ही किया जाना था। इंडोनेशियाई अधिकारी फिलहाल जहाज के माल, दस्तावेजों और उससे जुड़े लोगों की जांच कर रहे हैं।

बांग्लादेश के अखबार 'द बिजनेस स्टैंडर्ड' की रिपोर्ट के मुताबिक, कोमोरोस के झंडे वाला मालवाहक जहाज एमवी स्टार लाइन चीन के लियानयुंगांग बंदरगाह से बांग्लादेश के मोंगला बंदरगाह जा रहा था। जहाज को 8 नवंबर को मोंगला पहुंचना था, लेकिन उससे एक दिन पहले 7 नवंबर को इंडोनेशिया के उत्तरी सुमात्रा में बेलवान के पास समुद्री क्षेत्र में रोक लिया गया। इंडोनेशियाई नौसेना ने 20 नवंबर को प्रेस वार्ता में इस कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक की। नौसेना के मुताबिक, गश्ती पोत केआरआई सिगालू-857 ने जहाज की संदिग्ध गतिविधियां देखीं। जहाज निर्धारित समुद्री मार्ग से अलग चल रहा था और रेडियो संदेशों का भी जवाब नहीं दे रहा था। इसके बाद नौसेना ने जहाज की तलाशी लेने का फैसला किया। जांच में उसके दस्तावेजों और माल से जुड़ी कई अनियमितताएं सामने आईं। 

 इंडोनेशियाई नौसेना के अनुसार, जहाज पर कुल 36 कंटेनर थे। इनमें से 15 कंटेनरों में 405 टन सोडियम परक्लोरेट मिला। इसके अलावा जहाज पर 54 पैलेट में रखे लाखों खाली और अपंजीकृत 4जी एलटीई सिम कार्ड भी बरामद किए गए। नौसेना के अधिकारियों ने बताया कि सोडियम परक्लोरेट एक शक्तिशाली ऑक्सीकारक रसायन है। इसका इस्तेमाल औद्योगिक प्रक्रियाओं के अलावा रॉकेट और निर्देशित मिसाइलों के प्रणोदक बनाने में किया जा सकता है । इंडोनेशियाई नौसेना के अधिकारी रियर एडमिरल डेनी सेप्टियाना के अनुसार, जब्त रसायन की मात्रा से करीब 100 मिसाइलों के लिए सामग्री तैयार की जा सकती है। हालांकि, यह रसायन अपने आप में विस्फोटक नहीं है और मिसाइल प्रणोदक बनाने के लिए इसे अन्य पदार्थों के साथ मिलाना पड़ता है। 

 तलाशी के दौरान जहाज के पंजीकरण संबंधी दस्तावेजों में भी विसंगतियां सामने आईं। दस्तावेजों में पंजीकरण की वैधता 8 अक्टूबर 2027 तक बताई गई थी, लेकिन जांच में जहाज का पंजीकरण निलंबित पाया गया। नौसेना अब यह पता लगाने में जुटी है कि जहाज को खतरनाक रसायन ले जाने की अनुमति थी या नहीं और इसके परिवहन के दौरान समुद्री नियमों का पालन किया गया था या नहीं। सबसे अहम सवाल यह है कि 405 टन रसायन का वास्तविक खरीदार कौन था और इसे बांग्लादेश में किसे सौंपा जाना था। जहाज को मोंगला बंदरगाह पहुंचने से पहले ही रोक लिया गया, इसलिए आयातक की पहचान भी जांच का विषय बनी हुई है। 

 इस घटनाक्रम के बीच चीन और बांग्लादेश के बीच बढ़ते सैन्य एवं रणनीतिक संबंधों पर भी चर्चा तेज हो सकती है। चीन लंबे समय से बांग्लादेश को रक्षा उपकरणों और सैन्य तकनीक की आपूर्ति करने वाले देशों में शामिल रहा है। हालांकि, इस जहाज में मिली खेप को चीन सरकार की ओर से बांग्लादेश को मिसाइल निर्माण के लिए भेजी गई आधिकारिक सैन्य सहायता बताने का अभी कोई प्रमाण सामने नहीं आया है। जहाज के वास्तविक खरीदार, खेप के उद्देश्य और आपूर्ति से जुड़े पक्षों की पहचान जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। भारत के लिहाज से भी यह घटनाक्रम महत्वपूर्ण है, क्योंकि बांग्लादेश की सैन्य क्षमताओं में किसी बड़े बदलाव का असर क्षेत्रीय सुरक्षा समीकरणों पर पड़ सकता है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!