भोपाल (18 नवंबर 26)। मध्य प्रदेश में कांग्रेस 26 नवंबर को संविधान रक्षा मार्च के जरिए बड़ा राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन करने की तैयारी में है। पहले जिस कार्यक्रम के लिए प्रदेशभर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिल्ली ले जाने की योजना बनाई गई थी, अब वही आयोजन भोपाल में होगा। पार्टी ने इस कार्यक्रम में करीब एक लाख लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के भी इस आयोजन में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि उनके दौरे को लेकर अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कांग्रेस ने कार्यक्रम के स्थान में बदलाव करते हुए अपनी रणनीति भी बदल दी है। अब प्रदेश कांग्रेस का पूरा जोर भोपाल में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों को एकत्रित करने पर रहेगा। इसके लिए जिला कांग्रेस कमेटियों से लेकर पार्टी के विभिन्न संगठनों को जिम्मेदारियां सौंपने की तैयारी है। कांग्रेस ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और वोट चोरी के आरोपों को लेकर 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान शुरू किया है। इसी कड़ी में 25 और 26 नवंबर को दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर कार्यक्रम प्रस्तावित था। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने भी इस आयोजन के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी थीं। योजना के अनुसार, प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से कम से कम दो बसों के जरिए कार्यकर्ताओं को दिल्ली पहुंचाना था। इसके लिए भोपाल में कंट्रोल रूम भी बनाया गया था। 25 नवंबर को ग्वालियर में तैयारियों की समीक्षा के बाद कार्यकर्ताओं के दिल्ली रवाना होने की योजना थी।
हालांकि, 15 नवंबर को AICC महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से प्रदेश कांग्रेस कमेटियों को संशोधित कार्यक्रम की जानकारी दी गई। इसके बाद दिल्ली का प्रस्तावित आयोजन स्थगित कर दिया गया। नई रणनीति के तहत 26 नवंबर को देश के सभी राज्यों की राजधानियों में संविधान रक्षा मार्च निकाला जाएगा। मध्य प्रदेश में इसकी कमान भोपाल को सौंपी गई है। पार्टी के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, संविधान रक्षा मार्च की शुरुआत डॉ. भीमराव आंबेडकर या महात्मा गांधी की प्रमुख प्रतिमा से होगी। यहां संविधान निर्माताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ करेंगे और संविधान की रक्षा का संकल्प लेंगे। इसके बाद मार्च शहर के किसी अन्य महत्वपूर्ण स्थान तक पहुंचेगा। आयोजन को व्यापक स्वरूप देने के लिए जिला कांग्रेस कमेटियों, अग्रिम संगठनों और पार्टी के विभिन्न विभागों को भीड़ जुटाने तथा कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी दी जाएगी।