Saturday, 28 Nov 2026

होर्मुज में तेल टैंकर पर लिंपेट माइन्स से हमला

तेहरान/दुबई (31 अक्टूबर 26)। फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी को जोड़ने वाले रणनीतिक जलमार्ग 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' में समुद्री युद्ध का नया और खतरनाक दौर शुरू हो गया है। ओमान के खसाब से करीब 25 समुद्री मील (46 किमी) उत्तर-पूर्व में 27 भारतीय नाविकों को ले जा रहे पनामा के झंडे वाले तेल टैंकर MT LOUISE 1 पर 30 अक्तूबर को लिंपेट माइन्स से हमला किया गया। इस हमले के बाद जहाज के इंजन रूम में आग लग गई और टैंकर अस्थायी रूप से ठप हो गया, हालांकि क्रू मेंबर्स की मुस्तैदी से आग पर काबू पा लिया गया और सभी 27 भारतीय नागरिक पूरी तरह सुरक्षित बच निकले।

ब्रिटिश नौसेना एजेंसी 'यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस' और समुद्री सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, एक छोटी नाव पर आए हमलावरों ने चलती हुई नाव से टैंकर के निचले हिस्से में दो लिंपेट माइन्स चिपकाईं और वहां से फरार हो गए। धमाके के बाद लगी आग को चालक दल के सदस्यों ने समय रहते बुझा दिया, जिससे जहाज को कोई पर्यावरणीय नुकसान नहीं हुआ और टैंकर ने अपनी आगे की यात्रा फिर से शुरू कर दी। इस हमले की जिम्मेदारी फिलहाल किसी समूह ने नहीं ली है।

केंद्रीय बंदरगाह, नौवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर जानकारी साझा करते हुए पुष्टि की कि भारत सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने बताया कि 29 अक्तूबर को लाइबेरिया के झंडे वाले टैंकर 'MT ARZANAH' पर भी मिसाइल/प्रोजेक्टाइल हमला हुआ था, जिस पर 2 भारतीय सवार थे। दोनों जहाजों पर मौजूद सभी 29 भारतीय नागरिक पूरी तरह सुरक्षित हैं और मंत्रालय जहाज प्रबंधन कंपनियों के साथ समन्वय बनाकर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित कर रहा है।

फरवरी में अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध शुरू होने के बाद से होर्मुज के इस अति-संवेदनशील जलमार्ग में लिंपेट माइन्स का यह पहला सफल हमला माना जा रहा है। इससे पहले सितंबर महीने में भी लिंपेट माइन्स लगाने की कोशिश की गई थी, लेकिन धमाका न होने के कारण वह हमला विफल रहा था। ग्रीस स्थित समुद्री जोखिम प्रबंधन कंपनी 'मारिस्क्स' के अनुसार, संकरे और व्यस्त जहाजरानी चैनलों में छोटी नाव से बारूदी सुरंगें चिपकाकर भाग निकलना एक बेहद गंभीर सुरक्षा चिंता का विषय है। संस्था के अनुसार, यह तकनीक कम खर्चीली और आसानी से उपलब्ध है, जिसका इस्तेमाल इस क्षेत्र में 2017 से टैंकरों के खिलाफ होता रहा है।



Tags:

Follow us

This question is not available..!