खंडवा (18 नवंबर 26)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राज्य सरकार प्रदेश के हर वर्ग के विकास और कल्याण के लिए संकल्पित है। जनजातीय समाज का गौरव, स्वाभिमान, संस्कृति और आत्मनिर्भरता राज्य सरकार की विशेष प्राथमिकता है। राज्य सरकार जनजातीय वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर उनके कल्याण, समृद्धि और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। जनजातीय समाज की सहज जीवनशैली, गौरवशाली परम्पराओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए भी सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आत्मनिर्भर होना ही विकास की पहली सीढ़ी, पहली जरूरत होती है। हमारा संकल्प है कि जनजातीय समाज अपनी पुरातन परम्पराओं को सहेजते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और कौशल विकास के हर अवसर से जुड़े तथा आत्मनिर्भरता के साथ नई ऊंचाइयों को प्राप्त करे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को खंडवा में हुए राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव सम्मेलन से पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नगर निगम खंडवा में 16.97 करोड़ रूपए की लागत से 30 हजार वर्गफीट में नवनिर्मित पांच मंजिला कार्यालय भवन का लोकार्पण कर खंडवावासियों को सौगात दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि खंडवा में दादाजी धूनीवाले के समाधि स्थल को भव्य स्वरूप दिया गया है। वहीं ओंकारेश्वर में 2500 करोड़ रुपए की लागत से विकास कार्य हो रहे हैं। डॉ. यादव ने कहा कि राष्ट्रीय अस्मिता की रक्षा और स्वाधीनता संग्राम में जनजातीय वीर नायकों का योगदान अतुलनीय रहा है, लेकिन दुर्भाग्यवश इतिहास के पन्नों में उन्हें अपेक्षित स्थान नहीं मिला। हमारी सरकार ने इन महानायकों के शौर्य, संघर्ष और बलिदान को समुचित सम्मान देने के लिए इनके नाम पर गौरव दिवस, स्मारक, उच्च शिक्षण संस्थान स्थापित करने के साथ ही इनकी कर्मस्थली में कैबिनेट मीटिंग्स करने का निर्णय लिया है। डॉ. यादव ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा सच्चे अर्थों में महामानव थे। उन्होंने मात्र 25 वर्ष की अल्पायु में तत्कालीन अंग्रेजी हुकूमत के दमनकारी प्रथाओं एवं कानून के विरुद्ध संघर्ष करते हुए राष्ट्र के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोमवार को खंडवा में नगर पालिक निगम के नवनिर्मित भवन का फीता काटकर लोकार्पण किया गया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर नए भवन में प्रवेश किया। कुल 16 करोड़ 97 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस यह नवनिर्मित नगर निगम भवन 30 हजार वर्गफीट भूमि पर विकसित किया गया है।
राज्यस्तरीय सम्मेलन में खंडवा के सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, पूर्व मंत्री एवं बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनिस, खंडवा विधायक कंचन तनवे, पंधाना विधायक छाया मोरे, मांधाता विधायक नारायण पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष पिंकी वानखेड़े, उपाध्यक्ष कुंवर दिव्यादित्य शाह, खंडवा की महापौर अमृता यादव, इंदौर संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार, आईजी अनुराग, कलेक्टर ऋषव गुप्ता सहित बड़ी संख्या में जिले के जनजातीय बंधु एवं नागरिकगण उपस्थित थे।