मनीला (18 नवंबर 26)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें 'सख्त प्रधानमंत्री' बताया। फिलीपीन की राजधानी मनीला में क्वाड देशों के नेताओं की मुलाकात के दौरान ट्रंप ने मोदी को अपना दोस्त और महान नेता भी कहा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का पूरी दुनिया में सम्मान है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ मुलाकात की। चारों नेताओं ने एक साथ मंच साझा किया और आधिकारिक फोटो सत्र में हिस्सा लिया।
क्वाड बैठक के दौरान ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफों के पुल बांधते हुए कहा कि वह एक सख्त इंसान हैं। उन्होंने मोदी को अपना दोस्त और महान नेता बताया, जिनका दुनिया भर में सम्मान किया जाता है। वहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच अक्सर बातचीत होती है और उनका फोन हमेशा खुला रहता है। इस मुलाकात में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, आर्थिक सुरक्षा और आपसी सहयोग मजबूत करने पर जोर दिया गया। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा था कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र का भविष्य प्रतिस्पर्धा में नहीं, बल्कि आपसी सहयोग में निहित है। क्वाड बैठक में उन्होंने कहा कि भारत के लिए यह एक भरोसेमंद साझेदारी है। समुद्री सुरक्षा, आपूर्ति श्रृंखला को बनाए रखने, आपदा के समय सहायता पहुंचाने और नई तकनीक जैसे क्षेत्रों में चारों देश मिलकर काम कर रहे हैं। उनका प्रयास है कि इन मुद्दों पर मिलकर भरोसेमंद समाधान निकाले जाएं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मनीला और क्वाड का रिश्ता खास और काफी पुराना है। वर्ष 2007 में चारों देशों के अधिकारियों की पहली मुलाकात यहीं हुई थी। इसके 10 साल बाद 2017 में इसी शहर में चारों देशों ने फिर से बातचीत शुरू की। उन्होंने बताया कि पिछले साल जनवरी से अब तक चारों देशों के विदेश मंत्री पांच बार मिल चुके हैं। यह उनकी मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति और क्वाड के साथ मिलकर काम करने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है। क्वाड बैठक के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान की ओर से संभावित हमले से जुड़े सवाल पर कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अगर ईरान की ओर से ऐसा कोई खतरा सामने आता है तो उसे ऐसी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी, जो किसी देश ने आज तक नहीं चुकाई होगी। ट्रंप ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि ऐसी स्थिति पैदा नहीं होगी, लेकिन अमेरिका इस मामले को गंभीरता से ले रहा है। उन्होंने ईरान को 'पागल देश' बताते हुए कहा कि उसे किसी भी कीमत पर परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दिए जा सकते।
ट्रंप ने रेयर अर्थ उत्पादन को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका इस क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले 10 महीनों में उत्पादन के मामले में चीन की बराबरी कर लेगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका बड़े पैमाने पर रेयर अर्थ का उत्पादन कर रहा है और जिन संसाधनों की उसे जरूरत होगी, उनका उत्पादन घरेलू स्तर पर होने लगेगा। ट्रंप के मुताबिक, भारत और जापान भी रेयर अर्थ उत्पादन बढ़ाने की दिशा में तेजी से काम कर रहे हैं। आसियान सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री मोदी ने सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग के साथ द्विपक्षीय बैठक की। दोनों नेताओं ने व्यापक रणनीतिक साझेदारी के रोडमैप के तहत हुई प्रगति की समीक्षा की। बैठक में व्यापार और आर्थिक सहयोग, डिजिटलीकरण, रक्षा एवं सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवा, संपर्क सुविधाओं, कौशल विकास, स्थिरता और सांस्कृतिक आदान-प्रदान सहित आठ प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। मोदी ने आसियान की आगामी अध्यक्षता के लिए सिंगापुर को शुभकामनाएं दीं और भारत के पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने आसियान से जुड़ी बैठकों के दौरान थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नवीराकुल से भी मुलाकात की। मोदी ने उन्हें प्रधानमंत्री पद संभालने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारत और थाईलैंड पड़ोसी देश हैं और दोनों के बीच सदियों पुराने ऐतिहासिक, सांस्कृतिक तथा आध्यात्मिक संबंध हैं। दोनों नेताओं ने भारत-थाईलैंड रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के साथ व्यापार, रक्षा एवं सुरक्षा, संपर्क सुविधाओं और सांस्कृतिक सहयोग पर चर्चा की।