नईदिल्ली (18 नवंबर 26)। वित्त मंत्रालय शेयरों में निवेश से होने वाले पूंजीगत लाभ पर लगने वाले कर के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा कर रहा है। इससे जुड़े नियमों में संभावित बदलाव वित्त वर्ष 2027-28 के आम बजट में किए जा सकते हैं। सरकार के एक शीर्ष अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के चेयरमैन रवि अग्रवाल ने कहा कि बजट-पूर्व बैठकों के दौरान विभिन्न पक्षों से मिले सुझावों और पूंजीगत लाभ कर के अलग-अलग पहलुओं के कर प्रभावों का विश्लेषण किया जा रहा है।
अग्रवाल ने 'भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले' (आईआईटीएफ) में सीबीडीटी लाउंज के उद्घाटन के मौके पर कहा, ''हम पूंजीगत लाभ कर को लेकर मिले सुझावों पर विचार करेंगे और मुझे विश्वास है कि एक फरवरी को आपको इसकी जानकारी मिल जाएगी। संबंधित पक्षों ने जो मुद्दे उठाए हैं, उन सभी का विश्लेषण किया जा रहा है।'' उद्योग संगठनों ने सरकार को दीर्घकालिक पूंजीगत लाभ (एलटीसीजी) कर समाप्त करने और विदेशी निवेश आकर्षित करने के लिए अल्पकालिक पूंजीगत लाभ (एसटीसीजी) कर तथा प्रतिभूति लेनदेन कर (एसटीटी) की दरों को तर्कसंगत बनाने का सुझाव दिया है। अग्रवाल ने कहा कि एसटीसीजी कर में संभावित बदलावों को लेकर भी सुझाव मिले हैं और विभाग उनकी समीक्षा कर रहा है।
उद्योग संगठनों ने किसी निवेश को दीर्घकालिक मानने की न्यूनतम अवधि मौजूदा 12 महीने से बढ़ाकर 18-24 महीने करने का भी सुझाव दिया है। फिलहाल, सूचीबद्ध शेयरों और इक्विटी म्यूचुअल फंड में निवेश से एक साल से अधिक समय बाद होने वाले 1.25 लाख रुपए से अधिक के लाभ पर 12.5 प्रतिशत एलटीसीजी कर लगता है। इस पर अधिभार और उपकर भी देना होता है। वहीं, सूचीबद्ध शेयरों और इक्विटी म्यूचुअल फंड को खरीदने के 12 महीने के भीतर बेचने पर होने वाले मुनाफे पर 20 प्रतिशत एसटीसीजी कर लगता है।
उद्योग संगठनों ने इक्विटी में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) के लिए अलग कर व्यवस्था का भी सुझाव दिया है। उनका कहना है कि कई उभरते बाजारों में एफपीआई को शेयरों से होने वाले दीर्घकालिक पूंजीगत लाभ पर कर छूट मिलती है। इसके अलावा, उन्होंने एफपीआई के पूंजीगत लाभ की गणना का तरीका बदलने और इसे अमेरिकी डॉलर के आधार पर निर्धारित करने का सुझाव भी दिया है।