Tuesday, 24 Nov 2026

विलय की अटकलों से पवार की छवि पर असर: राउत

मुंबई (15 नवंबर 26)। शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत ने शनिवार को कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के दोनों गुटों के विलय और शरद पवार की पार्टी के भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में शामिल होने की अफवाहें वरिष्ठ नेता की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं। शिव सेना (उबाठा) के मुखपत्र 'सामना' के एक संपादकीय में उन्होंने कहा कि अफवाहें जोरों पर हैं। इसमें कहा गया कि ऐसी चर्चा है कि विलय अंतिम चरण में है, जिसमें शरद पवार (संयुक्त इकाई के) राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे और सुनेत्रा पवार कार्यकारी अध्यक्ष बनेंगी। एक और चर्चा यह भी है कि राकांपा (शप) नेता जयंत पाटिल और जितेंद्र आव्हाड महाराष्ट्र सरकार का हिस्सा बनेंगे, जबकि बारामती से लोकसभा सदस्य सुप्रिया सुले केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होंगी।

'सामना' के संपादकीय में कहा गया है, 'शरद पवार और उनकी पार्टी महा विकास आघाडी और इंडी गठबंधन का हिस्सा हैं। (राकांपा के दो गुटों के विलय और शरद पवार की पार्टी के राजग में शामिल होने की) अफवाहें इस वरिष्ठ नेता की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं।' राउत ने पत्रकारों से कहा कि असली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) वही है जिसकी स्थापना शरद पवार ने की थी और जो उनके नेतृत्व में है; दोनों पार्टियों के विलय की बात महज एक अफवाह है। राउत ने दावा किया कि शरद पवार के नेतृत्व वाले गुट में जयंत पाटिल, शशिकांत शिंदे और सुप्रिया सुले जैसे नेता शामिल हैं, और यह गुट सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली पार्टी के साथ हाथ नहीं मिलाएगा।

संपादकीय में कहा गया है कि सुनेत्रा पवार समर्थित गुट का कोई वैचारिक आधार नहीं है। इसमें कहा गया कि हो सकता है कि दो-चार लोग मंत्री पद पाने के लिए बेताब हों, लेकिन शरद पवार द्वारा अपनाए गए सिद्धांतों को नष्ट करना सही नहीं है। इसमें कहा गया है कि 'भाजपा के तलवे चाटने वाले' राकांपा गुट के साथ बातचीत करने से संदेह का माहौल बनता है और यह महाराष्ट्र की परंपरा के अनुरूप नहीं है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!