न्यूयार्क (06 नवंबर 26)। अमेरिका के मध्यावधि चुनाव में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को लगे झटके के बीच भारतीय-अमेरिकी मतदाताओं का बदला रुख भी चर्चा का बड़ा विषय बन गया है। कभी ट्रंप और रिपब्लिकन पार्टी की ओर आकर्षित होते दिखाई देने वाले भारतीय मूल के अमेरिकी मतदाताओं का समर्थन अब डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ बढ़ता नजर आ रहा है। ट्रंप की पाकिस्तान के साथ नजदीकी, भारत के खिलाफ बयानबाजी, एच-1बी वीजा पर सख्ती और MAGA समर्थकों की भारतीयों के खिलाफ टिप्पणियों ने इस नाराजगी को हवा दी है। कार्नेगी एंडोमेंट और यूगोव के सर्वे में 62 प्रतिशत भारतीय-अमेरिकी नागरिकों ने डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों को समर्थन देने की इच्छा जताई है।
ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में भारत-अमेरिका संबंधों को लेकर कई बार तनावपूर्ण बयानबाजी देखने को मिली। खासकर ऑपरेशन सिंदूर के बाद ट्रंप की ओर से भारत-पाकिस्तान के बीच संघर्षविराम कराने का श्रेय लेने और बार-बार मध्यस्थता का दावा करने से भारत में असहजता पैदा हुई। दूसरी तरफ पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर के साथ ट्रंप की मुलाकातों और उनकी नजदीकी ने भी भारतीय समुदाय के एक हिस्से में सवाल खड़े किए। भारत के प्रति ट्रंप के पुराने सकारात्मक रुख और दूसरे कार्यकाल की नीतियों के बीच अंतर को कुछ भारतीय-अमेरिकी मतदाता महसूस करने लगे। भारतीय-अमेरिकी समुदाय में असंतोष की एक बड़ी वजह ट्रंप के राजनीतिक आंदोलन MAGA से जुड़े कुछ समर्थकों की भारतीयों के खिलाफ टिप्पणियां भी हैं। इसका चर्चित उदाहरण टेक्सस में सामने आया, जहां रिपब्लिकन उम्मीदवार बो फ्रेंच ने यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास के दक्षिण एशियाई मूल के छात्रों की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की थी। उन्होंने तस्वीर के साथ टिप्पणी करते हुए सवाल उठाया था कि अमेरिकी विश्वविद्यालयों में विदेशी लोगों की संख्या इतनी अधिक क्यों दिखाई दे रही है। उनकी पोस्ट के बाद भारतीय मूल के छात्रों और अन्य दक्षिण एशियाई समुदायों में नाराजगी फैल गई।इस विवाद ने अमेरिका में भारतीयों की पहचान, नागरिकता और समाज में उनके योगदान को लेकर बहस छेड़ दी। खास बात यह थी कि तस्वीर में मौजूद सभी लोगों की नागरिकता जाने बिना उन्हें विदेशी बताने पर भी सवाल उठे। टेक्सस के कई रिपब्लिकन नेताओं ने भी फ्रेंच की टिप्पणियों की आलोचना की थी।