Tuesday, 24 Nov 2026

महादेव ऐप केस: मुख्य आरोपी को भारत लाई CBI

नईदिल्ली (02 नवंबर 26)। देश के सबसे बड़े कथित अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी घोटालों में शामिल महादेव ऐप केस में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को बड़ी सफलता मिली है। भारत की जांच एजेंसियों के प्रयासों के बाद ओमान से प्रत्यर्पित कर महादेव ऑनलाइन बुक सिंडिकेट के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को भारत लाया गया है। सीबीआई और ईडी द्वारा वांछित चंद्राकर को इंटरपोल द्वारा जारी रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर रॉयल ओमान पुलिस ने हिरासत में लिया था। ओमान सरकार की ओर से मंजूरी मिलने के बाद सीबीआई की एक विशेष टीम मस्कट पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में लेकर भारत वापस लौटी है।

सीबीआई की जांच में सामने आया है कि महादेव ऑनलाइन बुक भारत के सबसे बड़े अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी सिंडिकेट्स में से एक था। यह सिंडिकेट पूरे देश में फ्रेंचाइजी पैनलों और शाखाओं के एक विस्तृत नेटवर्क के जरिए संचालित हो रहा था। जांच के अनुसार, इस पूरे गोरखधंधे को भारत से ही रेगुलेट किया जा रहा था। उल्लेखनीय है कि इस पूरे मामले की जांच छत्तीसगढ़ सरकार के अनुरोध पर सीबीआई की टीम ने अपने हाथ में ली थी। जांच में खुलासा हुआ है कि यह सिंडिकेट क्रिकेट, फुटबॉल, ताश के खेलों और अन्य अवैध सट्टेबाजी का नेटवर्क चला रहा था। इस अवैध धंधे से होने वाली कमाई को म्यूल बैंक खातों, विभिन्न लेन-देन और हवाला चैनलों के जरिए इधर-उधर स्थानांतरित किया जाता था। 

सीबीआई की पड़ताल में यह गंभीर तथ्य भी सामने आया है कि इस कमा  ई का एक हिस्सा कथित तौर पर सरकारी अधिकारियों को 'प्रोटेक्शन मनी' देने के लिए इस्तेमाल किया जाता था। वर्तमान में आरोपी सौरभ चंद्राकर के खिलाफ सीबीआई द्वारा चार्जशीट और ईडी द्वारा अभियोजन शिकायत दाखिल की जा चुकी है। भारत वापस लाए जाने के बाद आरोपी का मेडिकल चेकअप कराया जाएगा। इसके बाद सीबीआई टीम अदालत से उसकी ट्रांजिट रिमांड हासिल कर उसे आगे की कार्रवाई के लिए रायपुर ले जाएगी।



Tags:

Follow us

This question is not available..!