गुना (23 नवंबर 26)। कांग्रेस दिसंबर महीने में वोट चोरी और संविधान की रक्षा के मुद्दे पर देशव्यापी आंदोलन का आगाज मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से करने जा रही है। इसका ऐलान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने रविवार को गुना स्थित चिंताहरण टोल नाके पर मीडिया से चर्चा के दौरान किया।
जीतू पटवारी ने बताया कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में होने वाले इस राष्ट्रीय आंदोलन के जरिए कांग्रेस देशभर में लोकतंत्र और नागरिकों के मताधिकार की सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी वोट चोरी के मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए आवाज बुलंद करेगी।
गुना में मीडिया से चर्चा करते हुए पटवारी ने कहा कि देश में लोकतंत्र और प्रत्येक नागरिक के वोट देने के अधिकार की रक्षा करना कांग्रेस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से पार्टी दिसंबर में देशभर में बड़ा आंदोलन खड़ा करेगी। इस आंदोलन के माध्यम से वोट चोरी के खिलाफ मुखर होकर आवाज उठाई जाएगी।
मीडिया से चर्चा के बाद जीतू पटवारी और जयवर्धन सिंह शिवपुरी जिले के पोहरी के लिए रवाना हो गए। वहां वे विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के साथ विधायक कैलाश कुशवाहा द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की 152वीं जयंती के अवसर पर आयोजित विशाल आमसभा में शामिल होंगे।