Saturday, 28 Nov 2026

मप्र में नर्मदा किनारे मिले इंदौर के वोटर ID कार्ड

मंडलेश्वर (26 अक्टूबर 26)। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में नर्मदा नदी के किनारे बड़ी संख्या में वोटर आईडी कार्ड मिलने से सनसनी फैल गई है और इस मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। मंडलेश्वर स्थित नर्मदा घाट पर नदी किनारे हजारों मतदाता पहचान पत्र लावारिस हालत में बिखरे पाए गए हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इनमें से अधिकांश पहचान पत्र इंदौर की राऊ विधानसभा सीट के मतदाताओं के बताए जा रहे हैं। नदी किनारे वोटर कार्ड मिलने का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन और पुलिस हरकत में आई।

मंडलेश्वर पुलिस अधिकारी श्वेता शुक्ला ने बताया कि रविवार की सुबह 'निःस्वार्थ सेवा समिति' के सदस्य जब नर्मदा घाट पर साफ-सफाई कर रहे थे, तब उन्होंने नदी किनारे इन पहचान पत्रों को बिखरे देखा। इसके तुरंत बाद सूचना महेश्वर एसडीएम को दी गई।सूचना मिलते ही महेश्वर अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) पूर्वा मंडलोई ने राजस्व विभाग और तहसीलदार की एक टीम को मौके पर भेजा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर नदी किनारे से कार्ड एकत्र किए और आधिकारिक जब्ती पंचनामा तैयार कर उन्हें अपने कब्जे में ले लिया।

एसडीएम पूर्वा मंडलोई ने वोटर आईडी कार्ड मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच के लिए तहसीलदार को भेजा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी बरामद कार्डों की सटीक संख्या ज्ञात नहीं हो सकी है और जांच पूरी होने के बाद ही पूरी स्थिति साफ होगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस लापरवाही या कृत्य के लिए जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस को भी इस मामले में एक लिखित शिकायत प्राप्त हुई है, जिसकी जांच संबंधित थाना प्रभारी को सौंपी गई है।

नर्मदा किनारे इतनी बड़ी तादाद में वोटर कार्ड मिलने की खबर फैलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंडलेश्वर पुलिस थाने के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया और एसडीओपी को सैकड़ों वोटर आईडी कार्ड सौंपते हुए मामले में तुरंत एफआईआर दर्ज करने का आवेदन दिया। खरगोन जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि नायक ने आरोप लगाया कि नर्मदा नदी और किनारे पर सैकड़ों या हजारों की संख्या में वोटर कार्ड पाए गए हैं, जो कथित तौर पर इंदौर के मतदाताओं से संबंधित प्रतीत होते हैं। नायक ने सवाल उठाया कि इतनी भारी संख्या में मतदाताओं के पहचान पत्र नदी तट पर कैसे पहुंचे, जिससे चुनावी धांधली का गंभीर संदेह पैदा होता है। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!