Saturday, 28 Nov 2026

बालाघाट के किसानों ने बनाई प्रगतिशीलता की मिसाल

बालाघाट (01 नवंबर 26)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि वीरता, त्याग और पराक्रम की गौरवशाली परम्परा वाला बालाघाट जिला खनिज सम्पदा और अपने खास खान-पान के लिए देशभर में प्रसिद्ध है। बालाघाट जिले की पहचान यहां के चिन्नौर चावल से है। इसी वजह से बालाघाट को मध्यप्रदेश का 'धान का कटोरा' कहा जाता है। उन्होंने कहा कि यहां के मेहनती किसानों ने अपनी प्रगतिशीलता से नई मिसाल कायम की हैं। धान के साथ-साथ कोदो और दूसरे श्रीअन्न के उत्पादन में भी अपनी अलग ही पहचान बनाई हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस वर्ष 60 लाख क्विंटल धान का उपार्जन कर बालाघाट जिला पूरे प्रदेश में अव्वल स्थान पर रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन से बालाघाट की कृषि उपज मंडी, गोंगलई में हुए बलराम कृषि महोत्सव को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में आए प्रगतिशील किसानों और कृषि योजनाओं के विजेताओं से आत्मीय संवाद कर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बालाघाट जिले को नक्सलवाद से मुक्ति मिलने के बाद यहां के विकास को नई गति मिलेगी। हम सब मिलकर खेती-किसानी को आगे बढ़ाएंगे और किसानों की आय बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। बालाघाट जिला खनिज संपदा से समृद्ध है। देश का 80 प्रतिशत मैंगनीज यहां से निकलता है तथा मलाजखंड में तांबे का विशाल भंडार है। बालाघाट के चिन्नौर चावल की खुशबू लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती है। यहां का चावल विदेशों तक निर्यात किया जाता है। जिले में सड़क, पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ दुग्ध उत्पादन को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। बलराम कृषि महोत्सव जिले की कृषि व्यवस्था को सशक्त बनाने और किसानों की आय बढ़ाने में मददगार साबित हुआ है। मुख्यमंत्री ने बालाघाट जिले के प्रगतिशील किसानों से संवाद भी किया और कृषि एवं किसानों के कल्याण के लिए प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

बलराम कृषि महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बालाघाट जिले के प्रगतिशील किसानों से संवाद कर उनकी कृषि गतिविधियों, नवाचारों और आय के स्रोतों के बारे में जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कृषि योजनाओं पर आधारित क्विज प्रतियोगिता के अंतर्गत लॉटरी के माध्यम से चुने गए विजेताओं से भी संवाद किया और उन्हें बधाई दी। बलराम कृषि महोत्सव कार्यक्रम में बालाघाट-सिवनी की सांसद भारती पारधी, विधायक गौरव सिंह पारधी, अपेक्स बैंक के अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव, मप्र पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य मौसम बिसेन, नगर पालिका अध्यक्ष बालाघाट भारती सुरजीत सिंह ठाकुर, पूर्व मंत्री रामकिशोर कावरे, कपिल यार्दे, यशवंत लिल्हारे, कल्पना मर्सकोले, सत्यनारायण अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में किसानबंधु उपस्थित थे।



Tags:

Follow us

This question is not available..!