Saturday, 28 Nov 2026

नसीरुद्दीन को रिजिजू ने बताया ‘खतरनाक अर्बन नक्सल’

नईदिल्ली (30 अक्टूबर 26)। केन्द्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने अभिनेता नसीरुद्दीन शाह को ‘खतरनाक अर्बन दिमागी नक्सल' करार दिया है और उनके विचारों को भारतीय लोकतंत्र के लिए बेहद हानिकारक बताया है। यह विवाद तब शुरू हुआ जब 76 वर्षीय अभिनेता शाह ने फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट में कहा था, 'मैं फख्र के साथ कहता हूं कि मैं दिमागी नक्सल हूं।' प्रसिद्ध अभिनेता ने यह कहकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा था और उन्होंने छात्र विरोध-प्रदर्शनों, शिक्षा प्रणाली तथा लोकतंत्र की स्थिति को लेकर सरकार की आलोचना की थी, जिस पर रिजिजू और कई भाजपा नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। रिजिजू ने अभिनेता पर कड़ा प्रहार करते हुए उन्हें‘खतरनाक अर्बन नक्सल' और ‘विनाशकारी बुद्धिजीवी' करार दिया।

रिजिजू ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, 'मैं नसीरुद्दीन शाह का सम्मान करता था और उन्हें पसंद करता था, यह सोचकर कि वह बस एक साधारण अभिनेता हैं। मुझे बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि वह एक खतरनाक अर्बन नक्सल और विनाशकारी बुद्धिजीवी हैं। मुझे उनके असली चरित्र का पता बहुत देर से चला। वह भारत के लोकतंत्र के लिए बेहद हानिकारक हैं।' शाह ने वीडियो में कहा कि वह इस लेबल को अपनाने के लिए तैयार हैं और सरकार की आलोचना करने वाले लोगों के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले शब्दों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, ' मै गर्व से कहता हूं कि मैं एक ‘दिमागी नक्सल' हूं। मुझे नहीं पता कि इन ‘चौकीदारों' ने मुझ जैसे लोगों को और क्या-क्या नाम दिए हैं, जैसे ‘राष्ट्र-विरोधी‘,‘टुकड़े-टुकड़े गैंग' और न जाने क्या-क्या।' शाह ने युवाओं और शिक्षण संस्थानों के प्रति सरकार के रवैये पर सवाल उठाते हुए पूछा, 'आप हमारे देश के युवाओं का हौसला तोड़ने, शिक्षा प्रणाली को बर्बाद करने और हमारे लोकतंत्र को खतरे में डालने के लिए और क्या-क्या करेंगे? आप कितना कुछ करेंगे? आप किस हद तक जाएंगे?' उनकी इन टिप्पणियों पर भाजपा नेताओं की ओर से तीखी प्रतिक्रियाएं आईं। कुछ नेताओं ने उन पर‘चुनिंदा आलोचना' करने का आरोप लगाया और राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर उनके रुख पर सवाल उठाए।

महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे ने शाह को ‘दिमागी नक्सली' कहा और आरोप लगाया कि वह पाकिस्तान के विचार को बढ़ावा दे रहे हैं। राणे ने फिल्म उद्योग में अभिनेता की विश्वसनीयता और प्रासंगिकता पर भी सवाल उठाए। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक बालमुकुंदाचार्य ने उन अभिनेताओं के बहिष्कार की अपील की, जिन पर उन्होंने देश-विरोधी ताकतों का साथ देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ' मैं देश से गद्दारी करने वालों का बहिष्कार करूंगा। मैं आज से ही उनका बहिष्कार कर रहा हूं और देश की जनता से भी अपील करता हूं कि वे उन फिल्म अभिनेताओं का बहिष्कार करें जो देश-विरोधी ताकतों का साथ देते हैं। देश के खिलाफ बोलते हैं और लोगों को अशांति फैलाने के लिए उकसाते हैं।'

Tags:

Follow us

This question is not available..!