भोपाल (22 अक्टूबर 26)। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में सहभागिता तथा राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और नशामुक्त समाज का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस का 7 सदस्यीय बाइक राइडर्स दल आज भोपाल से रवाना हुआ। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने लाल परेड ग्राउंड, भोपाल में आयोजित समारोह में हरी झंडी दिखाकर बाइक रैली को रवाना किया। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के समन्वय में आयोजित इस राष्ट्रव्यापी बाइक रैली में जोन-2 सेंट्रल के अंतर्गत बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्यप्रदेश, ओडिशा एवं पश्चिम बंगाल तथा जोन-4 नॉर्थ ईस्ट के अंतर्गत त्रिपुरा, मिजोरम, मणिपुर, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, असम एवं सिक्किम के प्रतिभागी शामिल हैं। मध्यप्रदेश सहित कुल 14 राज्यों के 146 बाइक राइडर्स लगभग 2,500 किलोमीटर की यात्रा कर भोपाल पहुंचे हैं। यहां से रैली दल निर्धारित मार्ग से आगे बढ़ते हुए 26 अक्टूबर 2026 को गुजरात के एकता नगर पहुंचेगा और 31 अक्टूबर 2026 को आयोजित मुख्य राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह एवं परेड में सहभागिता करेगा। रैली का प्रमुख संदेश ‘Fight Against Drugs’ है। प्रतिभागी अपने निर्धारित मार्ग से गुजरते हुए विभिन्न शहरों, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों, विशेषकर युवाओं को मादक पदार्थों के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगे।
फ्लैग-ऑफ समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने कहा कि यह मोटरसाइकिल रैली केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, साहस और नशे के विरुद्ध जनजागरण का राष्ट्रव्यापी संदेश है। मध्यप्रदेश की धरती से विभिन्न राज्यों की पुलिस के अधिकारी एवं जवान एक साझा उद्देश्य के साथ अपनी यात्रा प्रारंभ कर रहे हैं, यह प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। मकवाणा ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी के नेतृत्व में दिसंबर 2029 तक देश को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने में पुलिस बलों के साथ समाज की सामूहिक भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बाइक रैली इस अभियान को और व्यापक जनसमर्थन प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि भारत की एकता और अखंडता का उल्लेख होते ही लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल का स्मरण होता है। स्वतंत्रता के बाद अनेक रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण में सरदार पटेल की ऐतिहासिक भूमिका रही। उनका जीवन दृढ़ इच्छाशक्ति, राष्ट्र के प्रति समर्पण और सामूहिक प्रयासों की प्रेरणा देता है। उनकी जयंती 31 अक्टूबर को देशभर में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाती है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एसएएफ डी श्रीनिवास वर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर लाल परेड ग्राउंड, भोपाल से विभिन्न राज्यों के पुलिस राइडर्स का यह प्रस्थान मध्यप्रदेश के लिए गर्व और हर्ष का विषय है। इस अवसर पर विशेष पुलिस महानिदेशक पंकज श्रीवास्तव, आदर्श कटियार, प्रमुख सचिव सोनाली पोक्षे वायंगणकर, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अंशुमन यादव, सोलोमन यश कुमार मिंज, पुलिस आयुक्त संजय कुमार, एनसीबी के अधिकारी विकास सहित मध्यप्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों के पुलिस राइडर्स एवं केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के अधिकारी उपस्थित रहे।