Tuesday, 24 Nov 2026

दुश्मन पर कहर बरपाएगी भारत की प्रलय मिसाइल

चांदीपुर (06 नवंबर 26)। भारत ने अपनी सैन्य तैयारियों और रक्षा क्षमताओं को और मजबूत करते हुए ओडिशा तट के पास स्वदेशी रूप से विकसित क्वासी-बैलिस्टिक मिसाइल 'प्रलय' का सफल उड़ान परीक्षण किया है। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) द्वारा यह परीक्षण 5 नवंबर 2026 को सुबह लगभग 11:10 बजे डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप से उपयोगकर्ता मूल्यांकन परीक्षणों के हिस्से के रूप में आयोजित किया गया था। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, एकीकृत परीक्षण रेंज, चांदीपुर द्वारा तैनात विभिन्न रेंज उपकरणों से प्राप्त आंकड़ों ने मिसाइल के प्रदर्शन की पुष्टि की और परीक्षण के सभी तय लक्ष्य सफलतापूर्वक पूरे हुए। इस सफल परीक्षण के साथ ही इस मिसाइल प्रणाली का भारतीय सशस्त्र बलों में शामिल होना अब तय हो गया है।

'प्रलय' स्वदेशी रूप से विकसित सतह से सतह पर मार करने वाली कम दूरी की क्वासी-बैलिस्टिक मिसाइल है, जो पारंपरिक हथियार ले जाने में सक्षम है। इसकी मारक क्षमता 150 से 500 किलोमीटर है और यह 500 से 1,000 किलोग्राम तक का पेलोड ले जा सकती है। इसमें सॉलिड प्रोपेलेंट (ठोस ईंधन) तकनीक का इस्तेमाल किया गया है तथा उच्च सटीकता सुनिश्चित करने के लिए उन्नत मार्गदर्शन एवं नेविगेशन प्रणालियां शामिल की गई हैं। इसके अलावा, यह मिसाइल विभिन्न श्रेणियों के लक्ष्यों को भेदने के लिए कई प्रकार के वॉरहेड (हथियार) ले जाने में सक्षम है। इस मिसाइल का विकास रिसर्च सेंटर इमारात, हैदराबाद द्वारा अन्य डीआरडीओ प्रयोगशालाओं के सहयोग से किया गया है। वहीं भारत डायनेमिक्स लिमिटेड ने इसके विकास एवं उत्पादन भागीदार के रूप में इस प्रणाली का निर्माण किया है। इस सफल उड़ान परीक्षण का अवलोकन डीआरडीओ के वरिष्ठ अधिकारियों, रक्षा उद्योग के प्रतिनिधियों और सशस्त्र बलों के सदस्यों ने किया।

परीक्षण की सफलता पर रक्षा सचिव, रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के सचिव तथा डीआरडीओ अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने भी इस उड़ान परीक्षण में शामिल टीमों को बधाई दी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सफल परीक्षण के लिए डीआरडीओ, सशस्त्र बलों और उद्योग भागीदारों को बधाई दी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर एक पोस्ट में रक्षा मंत्री ने इस सफल परीक्षण को भारत की स्वदेशी रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने में 'एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर' करार दिया। उन्होंने कहा कि उन्नत तकनीकों से लैस यह मिसाइल उभरते खतरों से निपटने में सेना की तकनीकी क्षमताओं और परिचालन तैयारियों को और अधिक मजबूत करेगी। यह परीक्षण भारत द्वारा विदेशी रक्षा प्रौद्योगिकियों पर निर्भरता कम करने और स्वदेशी मिसाइल प्रणालियों के विकास पर निरंतर ध्यान केंद्रित करने की दिशा में एक अहम कदम है। उपयोगकर्ता मूल्यांकन परीक्षणों की सफल प्रगति के साथ, यह प्रणाली अब सशस्त्र बलों में जल्द शामिल होने की ओर बढ़ रही है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!