Saturday, 28 Nov 2026

जजेज की एक्स्ट्रा कमेंट्स करने से बचें: निकम

इंदौर (16 अक्टूबर 26)। वर्तमान दौर में न्याय व्यवस्था की जिम्मेदारी काफी अहम् है। ऐसे में न्यायाधीश को अपने फैसले के अलावा 'एक्स्ट्रा कमेंट्स' करने से बचना चाहिए। अन्यथा इससे होने वाले बवाल घातक होंगे। यह बात मशहूर वकील पद्मश्री उज्जवल निकम ने इंदौर में संस्था सार्थक द्वारा आयोजित 'साहस, संकल्प और न्याय की एक शाम' नामक कार्यक्रम में कही। उन्होंने न्यायपालिका पर प्रदर्शन कर दबाव बनाने की राजनीति की भी आलोचना की। एड्वोकेट निकम वर्ष 1993 के मुंबई बम ब्लॉस्ट और 26/11 हमले के आरोपियों के खिलाफ पैरवी करने के बाद चर्चा में आए और आज वे देश के ख्यात वकीलों में शुमार हैं। पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड मामले की पैरवी भी एड. निकम ही कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि 26/11 हमले के मामले में अदालत में निकम की भूमिका पर केंद्रित फिल्म 'प्रहार' शुक्रवार को रिलीज हो रही है। 

स्थानीय रवींद्र नाट्य गृह में संस्था सार्थक के इस गरिमामयी आयोजन में शहर के प्रबुद्धजन और बड़ी संख्या में न्यायिक अधिकारी और वकील मौजूद थे। इन सबके बीच युवा अधिवक्ता राहुल सेठी के साथ संवाद में सवालों का बेबाकी से जवाब देते हुए एड्वोकेट उज्जवल निकम ने कहा कि न्याय व्यवस्था सुधारने के लिए संसाधन बढ़ाने होंगे। उन्होंने न्यायिक पेशे से जुड़ रहे युवाओं से कहा कि वे नॉलेज के साथ विज़डम के लिए कार्य करें। उन्होंने कहा 'ईमानदारी के साथ इंसानियत भी जरुरी है। एड्वोकेट निकम ने बताया कि कैसे उन्होंने कुख्यात माफिया अबू सलेम से भावनात्मक बातचीत कर उसे बदलने की कोशिश की। निकम ने 26/11 हमले के आरोपियों में से जिन्दा पकड़े गए एक आतंकी अजमल आमिर कसाब के शातिर और नौटंकीबाज़ रवैये के बीच उसके दुर्दांत अपराध के लिए उसे फांसी के फंदे तक पहुंचाया। एड्वोकेट निकम राज्यसभा के सदस्य भी हैं, इस नाते वे चाहते है कि देश में ऑर्गनाइज़ क्राइम को खत्म करने की दिशा में काम होना चाहिए, इसके लिए उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से भी चर्चा की है। निकम ने सजा के बाद उसके इम्प्लिमेंटेशन के लिए समयावधि निर्धारित करने की बात भी कही। कार्यक्रम के उपरांत एड्वोकेट उज्जवल निकम  महाराष्ट्र के मालेगांव के लिए रवाना हुए। वहां शुक्रवार को एक चार वर्षीय मासूम से रेप के बाद मर्डर मामले में फैसला आने वाला है। आयोजन के दौरान उनकी पत्नी ज्योति निकम भी मौजूद रही और उन्होंने भी कई सवालों के जवाब दिए। कार्यक्रम का आयोजन दीपक जैन 'टीनू' ने किया था।  

डॉक्टर बनना चाहते थे निकम- अपने पेशे वकालत में सफल उज्जवल निकम डॉक्टर बनना चाहते थे, लेकिन पिता की इच्छा थी कि वे वकील बनें। उन्होंने पिता की भावनाओं की कद्र कर इस पेशे को अपनाया और आज वे सफल वकील हैं। गौरतलब है कि उज्जवल निकम के पुत्र अनिकेत भी वकील हैं और दोनों एक-दूसरे से अच्छी खासी जिरह भी कर लेते हैं। हालांकि अपने नटखट और मासूम पोते के सामने वे बेबस होते हैं।  

फिल्म बॉयोपिक नहीं कोर्ट रूम ड्रामा- 26/11 हमले पर केंद्रित फिल्म 'प्रहार' शुक्रवार को रिलीज हो रही है। इसे लेकर एड्वोकेट निकम ने कहा कि यह फील उनकी बॉयोपिक नहीं बल्कि कोर्ट रूम ड्रामा है, जो सत्य और न्याय की लड़ाई की प्रतीक है। उन्होंने कहा कि फिल्म 'प्रहार' हादसों और वारदातों को लेकर उठने वाले सवालों का जवाब है, जिसे सभी को देखना चाहिए। हालांकि निकम ने स्पष्ट किया कि वे फिल्म के प्रचार के लिए नहीं आए हैं। 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव वर्चुअल जुड़े-  कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े और पद्मश्री उज्जवल निकम का अभिनंदन किया। इस दौरान चर्चा में सीएम को जब निकम ने बताया कि मप्र के धार में उनकी ससुराल है और वे यहां के दामाद हैं तो सीएम ने भी अपने संवाद में उनसे इसी नाते से बात करते हुए इस रिश्ते को और बढ़ाने की बात कही। सीएम ने निकम के राष्ट्रवाद की भी मुक्त कंठ से प्रशंसा की। 

संजय दत्त चाहते तो नहीं होते ब्लास्ट- एड्वोकेट निकम ने बताया कि 1993 में मुंबई बम ब्लॉस्ट के 12 दिन पूर्व अभिनेता संजय दत्त के समक्ष हमले में इस्तेमाल हथियार लाए गए थे। यदि संजय उस वक्त पुलिस को इसकी जानकारी दे देते तो इस भयावह हमले को रोका जा सकता था। मुंबई सीरियल ब्लॉस्ट में उस वक्त करीब 160 लोग मारे गए थे और सैकड़ों घायल हुए थे। इस मामले में संजय दत्त को भी सात साल की सजा हुई थी। 

अबू सलेम को सुधरने को कहा- एड्वोकेट निकम ने बताया कि माफिया अबू सलेम एक स्मार्ट युवा था, जिसके पिता यूपी में वकील रहे। निकम ने अबू सलेम से मुलाकात के दौरान उससे भावनात्मक बातचीत कर अपराध का रास्ता छोड़ने की बात कही थी। निकम ने अबू सलेम और अभिनेत्री मोनिका बेदी के रिश्ते पर भी चर्चा की और बताया कि कैसे जेल में रहकर भी उसकी पहुंच कहां तक थी। 

26/11 हिंदुओं के खिलाफ साजिश- एड्वोकेट निकम ने बताया कि मुंबई 26/11 हमले के जरिये भारत में हिन्दू आतंकवाद साबित करने की साजिश रची गई थी। इस हमले में 10 आतंकी शामिल थे, जिनमें से एक अजमल कसाब जिन्दा पकड़ा गया। इन सभी के आईडेंटिटी कार्ड हिन्दू नामों से बनाए गए थे, ताकि भारत के हिंदुओं को दुनियाभर में बदनाम किया जा सके। हालांकि कसाब के जिन्दा पकड़े जाने से यह साजिश फ़ैल हो गई।  



Tags:

Follow us

This question is not available..!