Tuesday, 24 Nov 2026

ग्रीन एनर्जी की दौड़ में भारत की बड़ी छलांग

मैनिटोबा (13 नवंबर 26)। स्वच्छ ऊर्जा और आधुनिक तकनीक के लिए जरूरी खनिजों पर नियंत्रण हासिल करने की वैश्विक प्रतिस्पर्धा तेज हो गई है। भारत ने जनवरी 2025 से सितंबर 2026 के बीच महत्वपूर्ण खनिजों से जुड़े 15 समझौते किए हैं। इस मामले में अमेरिका 41 समझौतों के साथ पहले स्थान पर है, जबकि भारत ने चीन, कनाडा, सऊदी अरब और यूरोपीय संघ जैसे बड़े खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया है। इन सभी ने 11-11 समझौते किए हैं। इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट (आईआईएसडी) के ट्रेड एंड क्लाइमेट ट्रैकर के विश्लेषण में यह जानकारी सामने आई है।

रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी 2025 से सितंबर 2026 तक दुनिया में व्यापार और आर्थिक सहयोग से जुड़े कुल 211 समझौते हुए। इनमें 139 यानी करीब दो-तिहाई समझौते महत्वपूर्ण कच्चे खनिजों से संबंधित हैं। नौ नवंबर से तुर्किये के अंताल्या में शुरू हुए संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन (सीओपी31) से ठीक पहले जारी यह विश्लेषण बताता है कि अब व्यापार समझौते भी जलवायु परिवर्तन से निपटने की वैश्विक रणनीति का अहम हिस्सा बनते जा रहे हैं। हालांकि, खनिजों की आपूर्ति सुरक्षित करने की कोशिशों और पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्यों के बीच अभी बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है। भारत के 15 समझौते इस बात का संकेत हैं कि देश अपनी स्वच्छ ऊर्जा संबंधी महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए महत्वपूर्ण खनिजों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करना चाहता है। लिथियम का इस्तेमाल इलेक्ट्रिक वाहनों और ऊर्जा भंडारण की बैटरियों में होता है। दुर्लभ मृदा तत्व पवन ऊर्जा संयंत्रों और इलेक्ट्रिक वाहनों की मोटरों में इस्तेमाल होने वाले स्थायी चुंबक बनाने के लिए जरूरी हैं। बिजली के जाल के विस्तार में तांबा अहम है, जबकि ग्रेफाइट और कोबाल्ट बैटरी निर्माण के प्रमुख कच्चे माल हैं। भारत ने इस निर्भरता को कम करने के लिए जनवरी 2025 में राष्ट्रीय महत्वपूर्ण खनिज मिशन को मंजूरी दी थी। सात वर्ष की अवधि वाले इस मिशन के तहत 2024-25 से 2030-31 तक सरकारी खर्च के लिए 16,300 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों से 18,000 करोड़ रुपये के अतिरिक्त निवेश को प्रोत्साहित करने का लक्ष्य है। मिशन के तहत भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण की अगुवाई में देश में खनिजों की खोज के 1,200 कार्यक्रम चलाने और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के माध्यम से विदेशों में 26 तथा निजी क्षेत्र के माध्यम से 24 खनन परिसंपत्तियां सुरक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है।

भारत अपनी खनिज जरूरतों को पूरा करने के लिए अंतरराष्ट्रीय साझेदारी का भी विस्तार कर रहा है। सरकारी कंपनी खानिज बिदेश इंडिया लिमिटेड (काबिल) ने अर्जेंटीना की कंपनी कैमयेन के साथ समझौता किया है। इसके तहत अर्जेंटीना के कैटामार्का प्रांत में 15,703 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले लिथियम के पांच खारे जल वाले भंडार क्षेत्रों की खोज और विकास किया जाना है। भारत ने ऑस्ट्रेलिया के साथ भी लिथियम और कोबाल्ट खनन परिसंपत्तियों में संयुक्त निवेश की संभावनाएं तलाशने के लिए व्यवस्था की है। इसके अलावा जर्मनी और नॉर्वे के साथ महत्वपूर्ण खनिजों, आपूर्ति शृंखला में विविधता, अनुसंधान, प्रसंस्करण और पुनर्चक्रण के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाया जा रहा है। भारत का उद्देश्य केवल विदेशों से खनिज हासिल करना नहीं है, बल्कि देश में ही उनके प्रसंस्करण, उच्च मूल्य वाले उत्पादों के निर्माण और मजबूत औद्योगिक ढांचे को विकसित करना भी है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!