मुंबई (18 अक्टूबर 26)। बैंकिंग जगत में एक बहुत बड़ा बदलाव होने जा रहा है। भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) ने शुक्रवार को दुबई स्थित एमिरेट्स NBD बैंक (P.J.S.C.) की भारतीय शाखाओं के RBL बैंक के साथ विलय को मंजूरी दे दी है। केंद्रीय बैंक ने 16 अक्टूबर को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि यह विलय 1 दिसंबर, 2026 से प्रभावी होगा।
इसमें कहा गया है, एमिरेट्स NBD बैंक P.J.S.C. की सभी भारतीय शाखाएं 1 दिसंबर, 2026 से RBL बैंक लिमिटेड की शाखाओं के रूप में काम करेंगी। मई में, वित्त मंत्रालय ने एमिरेट्स NBD बैंक द्वारा RBL बैंक में 74% तक की हिस्सेदारी खरीदने को मंजूरी दी थी। यह मंजूरी, एमिरेट्स NBD द्वारा RBL बैंक की विस्तारित शेयर पूंजी में 60% हिस्सेदारी हासिल करने के बाद मिली है। यह प्रक्रिया 18 जून, 2026 को पूरी हुई, जिसमें लगभग 2.75 बिलियन डॉलर (करीब 26,000 करोड़ रुपये) की प्राथमिक पूंजी निवेश (प्राइमरी कैपिटल इन्फ्यूजन) की गई थी। इस सौदे की घोषणा पहली बार अक्टूबर 2025 में की गई थी। कंपनियों को सभी जरूरी रेगुलेटरी मंजूरियां मिलने और क्लोजिंग की शर्तें पूरी होने के बाद यह सौदा पूरा हुआ। यह विलय भारत के बैंकिंग सेक्टर में हुए सबसे बड़े विदेशी निवेशों में से एक है।
एमिरेट्स NBD ने RBL बैंक के 929.1 मिलियन पूरी तरह से चुकता इक्विटी शेयरों को 'प्रेफरेंशियल शेयर अलॉटमेंट' के जरिए खरीदा। ये शेयर 280 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर लिए गए, जिसका कुल मूल्य लगभग 26,016 करोड़ रुपये है। एमिरेट्स NBD को 2016 में मुंबई में अपनी पहली भारतीय शाखा खोलने के लिए RBI से मंजूरी मिली थी और जुलाई 2017 में इसने अपना कामकाज शुरू किया। बाद में, इसने गुरुग्राम और चेन्नई में दो और शाखाएं खोलीं। बैंक ने मार्च 2000 से भारत में एक प्रतिनिधि कार्यालय (रिप्रेजेंटेटिव ऑफिस) बनाए रखा है। इस नई मंजूरी के साथ, एमिरेट्स एनबीडी (Emirates NBD) की भारतीय शाखा का कामकाज RBL Bank के नेटवर्क के अंतर्गत आ गया है। RBI के बयान में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि इस विलय से ग्राहकों की सेवाओं या अन्य परिचालन व्यवस्थाओं में कोई बदलाव आएगा या नहीं।शुक्रवार को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर आरबीएल बैंक के शेयर 1.10% की बढ़त के साथ 378.25 रुपये पर बंद हुए।