Saturday, 28 Nov 2026

असत्य के खिलाफ योद्धा की तरह डटे रहे राहुल: प्रियंका

नईदिल्ली (28 अक्टूबर 26)। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने उत्तर प्रदेश की एक अदालत द्वारा मानहानि के मामले में राहुल गांधी को बरी किए जाने के एक दिन बाद मंगलवार को कहा कि उनके भाई जिस तरह 'असत्य के हमले' के खिलाफ डटे रहे, उसके लिए अपार साहस, दृढ़ता और एक सच्चे योद्धा जैसी लगन की जरूरत होती है। 

प्रियंका गांधी ने राहुल गांधी की 'एक्स' पर की गई उस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए यह बात कही, जिसमें उन्होंने सिर्फ 'सत्यम शिवम सुंदरम' लिखा था। सुलतानपुर की सांसद-विधायक अदालत ने सोमवार को राहुल गांधी को वर्ष 2018 में तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ की गई उनकी टिप्पणी से जुड़े मानहानि के मामले में बरी कर दिया था। प्रियंका गांधी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि सत्य को लंबे समय तक दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा, 'इस सरकार ने मेरे भाई की छवि खराब करने, उन्हें बदनाम करने और केवल निर्भीकता से सच बोलने के कारण उन पर फर्जी मामले थोपने के लिए एक घृणित अभियान पर अभूतपूर्व संसाधन खर्च किए हैं।' कांग्रेस महासचिव ने कहा, 'असत्य के इतने बड़े हमले के खिलाफ जिस तरह वह खड़े रहे हैं, उसके लिए अपार साहस, दृढ़ता और एक सच्चे योद्धा जैसी लगन की जरूरत होती है।' प्रियंका गांधी ने कहा, 'एक-एक करके सारे पत्ते गिरेंगे। सत्य स्पष्ट और मजबूती से सामने आएगा। यह तो सिर्फ शुरुआत है।' 

Tags:

Follow us

This question is not available..!