तेहरान (12 नवंबर 26)। ईरान का गुस्सा अब दूसरे देशों की सेनाओं पर उतरने लगा है। पहले ब्रिटेन और अब अर्जेंटीना के साथ उसका टकराव बढ़ गया है। ब्रिटेन की सेना पर आंतकी दल का ठप्पा लगाने के बाद अब ईरान ने अर्जेंटीना की नौसेना और वायुसेना को आतंकवादी संगठन घोषित कर दिया है। ईरान के विदेश मंत्रालय ने बुधवार को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि यह कदम पारस्परिक कार्रवाई के सिद्धांत के तहत उठाया गया है। यह फैसला अर्जेंटीना की ओर से अप्रैल में ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर को आतंकवादी संगठन घोषित किए जाने के जवाब में आया है। ईरान के विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि तेहरान अर्जेंटीना की वायुसेना और नौसेना को आतंकवादी संगठन मानता है।
मंत्रालय ने चेतावनी देते हुए कहा कि इस मामले से पैदा होने वाले सभी परिणामों की जिम्मेदारी अर्जेंटीना सरकार की होगी। हालांकि, मंत्रालय ने इस चेतावनी के संभावित परिणामों के बारे में विस्तार से कुछ नहीं बताया। ईरान ने अर्जेंटीना की थलसेना को इस फैसले में शामिल नहीं किया है।अर्जेंटीना ने अप्रैल 2026 में ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर को आतंकवादी संगठन घोषित किया था। यह फैसला अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन की ओर से सहयोगी देशों पर बनाए जा रहे दबाव के बीच लिया गया था। अर्जेंटीना का आरोप है कि ईरान की आईआरजीसी का लेबनान स्थित हिजबुल्ला संगठन को समर्थन रहा है। ब्यूनस आयर्स ने हिजबुल्ला को अपने देश के इतिहास के सबसे घातक बम विस्फोट के लिए जिम्मेदार ठहराया है।
अर्जेंटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स में 1994 में यहूदी समुदाय के एएमआईए केंद्र पर भीषण बम हमला हुआ था। इस हमले में 85 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि सैकड़ों लोग घायल हुए थे। अर्जेंटीना इस हमले के पीछे हिजबुल्ला का हाथ मानता है और ईरान पर संगठन को समर्थन देने का आरोप लगाता रहा है। इसी पृष्ठभूमि में अर्जेंटीना ने आईआरजीसी को आतंकवादी संगठन घोषित करने का फैसला किया था। इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर ईरान का एक विशिष्ट सैन्य बल है, जिसका गठन देश की इस्लामी व्यवस्था की सुरक्षा के लिए किया गया था। यह ईरान की शिया धार्मिक सत्ता की रक्षा करने के साथ-साथ देश की अर्थव्यवस्था के बड़े हिस्से पर भी प्रभाव रखता है।