Tuesday, 24 Nov 2026

अमेरिका में हैलोवीन वीकेंड बना खौफनाक

डलास (02 नवंबर 26)। अमेरिका में हैलोवीन वीकेंड के दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों में हुई गोलीबारी की हिंसक घटनाओं से हड़कंप मच गया है। टेक्सास के डलास शहर से लेकर अलबामा, डेलावेयर और अर्कांसस तक हुई अंधाधुंध फायरिंग में कुल 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 35 लोग घायल हो गए हैं।

टेक्सास प्रांत के डलास शहर स्थित डीप एलम इलाके में हैलोवीन नाइट के दौरान तीन अलग-अलग स्थानों पर गोलीबारी की घटनाएं सामने आईं। डलास पुलिस प्रमुख डैनियल कॉमॉ ने बताया कि इन घटनाओं में 4 लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य लोग घायल हो गए हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि क्या तीनों घटनाओं का आपस में कोई संबंध था या नहीं। पुलिस प्रमुख के अनुसार, कुछ संदिग्धों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की जा रही है।

अलबामा के बर्मिंघम में 'मैजिक सिटी क्लासिक' कॉलेज फुटबॉल मैच के बाद लेगियन फील्ड स्टेडियम के पास ग्रेमोंट एवेन्यू में अंधाधुंध फायरिंग हुई। बर्मिंघम पुलिस चीफ माइकल पिकेट (Michael Pickett) और प्रवक्ता डी'रेल फ्रीमेन के अनुसार, इस घटना में 1 व्यक्ति की मौत हो गई और 8 लोग घायल हो गए। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है और मौके से कई हथियार बरामद किए हैं।

यूनिवर्सिटी ऑफ डेलावेयर कैंपस के पास मेन स्ट्रीट पर शनिवार रात 11:10 बजे हुई फायरिंग में 6 लोग गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस लेफ्टिनेंट ग्रेग डी'एलिया के मुताबिक सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। वहीं फेयेटविले शहर में रविवार तड़के एक विवाद के बाद हुई गोलीबारी में 6 लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार इस मामले में फिलहाल कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!