नईदिल्ली (13 अक्टूबर 26)। दिल्ली की सड़कों पर सोमवार को INDIA ब्लॉक के 'चलो दिल्ली' मार्च के दौरान एक बेहद दिलचस्प और अनोखा नजारा देखने को मिला, जब राजनीतिक विरोध के बीच अचानक सुपरहीरो 'बैटमैन' की एंट्री हो गई। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट की तरफ निकाले गए इस मार्च में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर बैटमैन के मास्क बांटे।
मार्च के दौरान उस समय सियासी गलियारों में सुगबुगाहट तेज हो गई, जब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बैटमैन का मास्क हाथ में लेकर अपनी तस्वीर खिंचवाई। एनएसयूआई (NSUI) ने इस तस्वीर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर शेयर करते हुए कैप्शन दिया- 'Batman Mode: ON; Gyaneshh toh giyooo'। इसके बाद एक हल्का-फुल्का और मजेदार पल भी कैमरे में कैद हुआ, जब राहुल गांधी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को बैटमैन का मास्क पहनाने में मदद करते नजर आए। सड़कों पर इस प्रदर्शन के साथ ही विपक्ष ने कानूनी मोर्चे पर भी बड़ी तैयारी कर ली है। INDIA ब्लॉक के नेताओं की तरफ से सुप्रीम कोर्ट में एक जनहित याचिका दाखिल की गई है। इस याचिका में विपक्ष के 11 प्रमुख नेताओं को याचिकाकर्ता बनाया गया है, जिनमें राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के अलावा समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, राजद नेता तेजस्वी प्रसाद यादव, तृणमूल कांग्रेस नेता सौगत रॉय, शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत और एनसीपी-एससीपी नेता सुप्रिया सुले शामिल हैं।