अयोध्या (07 अप्रैल 24)। रामनवमी के पावन अवसर पर पूरे देश में भव्य शोभायात्राएं निकाली गईं। भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या इस मौके पर दिवाली जैसी रोशनी में नहाई नजर आई। सरयू नदी के घाट पर करीब 2 लाख दीये जलाए गए, जिससे पूरा तट जगमगा उठा। दोपहर 12 बजे राम मंदिर में भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। सूर्य की किरणों से भगवान राम का राजतिलक हुआ और इसके बाद ड्रोन से सरयू जल द्वारा विशेष अभिषेक किया गया, जो करीब एक घंटे तक चला। इसके बाद उनका सुंदर श्रृंगार किया गया।
अयोध्या में रविवार को करीब 5 लाख लोग पहुंचे। राम जन्मभूमि परिसर में 1 किलोमीटर लंबी लाइन लग गई। रेलवे स्टेशन और बस अड्डे पर भारी भीड़ देखी गई। गर्मी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन और रामजन्मभूमि ट्रस्ट ने विशेष इंतजाम किए थे। रामपथ, भक्ति पथ, धर्म पथ और रामजन्मभूमि पथ पर रेड कारपेट बिछाया गया, ताकि श्रद्धालुओं को आराम मिले। इसके अलावा ड्रोन से श्रद्धालुओं पर सरयू जल छिड़का गया, जिससे उन्हें गर्मी से राहत मिले।