Tuesday, 13 Oct 2026

दिल्ली में अब जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन नहीं

नईदिल्ली (13 अक्टूबर 26)। दिल्ली में अपनी मांगों को लेकर जंतर-मंतर पर धरना नहीं दे पाएंगे। अब आवाज उठाने वालों को प्रदर्शन के लिए दूसरी जगहों का रुख करना होगा। दरअसल, राजधानी के इस चर्चित धरना स्थल पर प्रदर्शन की अनुमति देने वाली अधिसूचना रद्द कर दी गई है। अब रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली के सीबीडी मैदान को धरना-प्रदर्शन के लिए निर्धारित किया गया है। इस फैसले से जहां दिल्ली की सड़कों पर लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के सामने अपने विरोध-प्रदर्शनों के लिए नए ठिकाने तलाशने की चुनौती भी होगी।

गृह मंत्रालय की समिति की सिफारिशों के आधार पर दिल्ली में धरना-प्रदर्शन के लिए इन तीन स्थानों को निर्धारित किया गया है। दिल्ली पुलिस ने अपने पुराने स्थायी आदेश संख्या L&O/48/22, दिनांक 28 अप्रैल 2022 में आंशिक संशोधन करते हुए यह फैसला लिया है। इन स्थानों पर प्रदर्शन आयोजित करने के लिए विस्तृत और संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया अलग से जारी की जाएगी। इसके तहत प्रदर्शन की अनुमति और आयोजन से जुड़े नियमों को स्पष्ट किया जाएगा। जंतर-मंतर लंबे समय से राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, कर्मचारी संगठनों और विभिन्न मुद्दों पर विरोध जताने वाले लोगों के लिए प्रमुख प्रदर्शन स्थल रहा है। सरकार के खिलाफ अपनी मांगें रखने से लेकर सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर आवाज उठाने तक, कई आंदोलनों का केंद्र यह जगह रही है। हालांकि, जंतर-मंतर और इसके आसपास होने वाले प्रदर्शनों के कारण कई बार यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। प्रदर्शनकारियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को कई सड़कों पर यातायात में बदलाव करना पड़ता है। इससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। आसपास सरकारी आवास, स्कूल और अस्पताल होने के कारण भी इस क्षेत्र में भीड़ और यातायात प्रबंधन एक चुनौती बना रहता है। ऐसे में प्रदर्शन के लिए वैकल्पिक स्थान निर्धारित करने के फैसले को राजधानी में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने और आम लोगों की परेशानियां कम करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

जंतर-मंतर के स्थान पर अब दिल्ली में तीन निर्धारित जगहों पर धरना-प्रदर्शन आयोजित किए जा सकेंगे। इनमें रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली का सीबीडी मैदान शामिल हैं। दिल्ली पुलिस इन स्थानों पर प्रदर्शन आयोजित करने के लिए संशोधित एसओपी जारी करेगी। इसके बाद अनुमति लेने की प्रक्रिया, आयोजन से जुड़ी शर्तों और अन्य व्यवस्थाओं के बारे में विस्तृत जानकारी सामने आएगी। प्रदर्शनकारियों को निर्धारित नियमों के अनुसार ही इन स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित करने होंगे। हालांकि, नए प्रदर्शन स्थलों के निर्धारण का मतलब यह नहीं है कि इन जगहों पर बिना अनुमति के कोई भी प्रदर्शन किया जा सकेगा। संबंधित नियमों और प्रशासन की ओर से निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना जरूरी होगा।

Tags:

Follow us

This question is not available..!