Wednesday, 25 Nov 2026

5 नवंबर को अंबाला में शहीद स्मारक का उद्घाटन

अंबाला (27 अक्टूबर 26)। देश की आजादी की पहली लड़ाई के वीर शहीदों को समर्पित अंबाला छावनी का भव्य शहीद स्मारक अब देश के सामने अपनी ऐतिहासिक पहचान के साथ प्रस्तुत होने जा रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 5 नवंबर को इस स्मारक का उद्घाटन करेंगे। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने यह जानकारी देते हुए बताया कि उद्घाटन के अवसर पर अंबाला छावनी में एक विशाल जनसभा भी आयोजित की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के भाग लेने की उम्मीद है।

करीब 800 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह स्मारक 1857 की क्रांति के उन वीरों को समर्पित है, जिनके बलिदान को इतिहास में अपेक्षित स्थान दिलाने की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जाती रही है। अनिल विज की पहल पर साकार हुई इस परियोजना को हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश की ऐतिहासिक विरासत से जोड़कर देखा जा रहा है। उद्घाटन के बाद स्मारक आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा स्मारक का उद्घाटन इस परियोजना के लिए महत्वपूर्ण अवसर होगा। 1857 के स्वतंत्रता संग्राम की गौरवगाथा को आधुनिक तकनीक और ऐतिहासिक दस्तावेजों के माध्यम से प्रस्तुत करने के उद्देश्य से तैयार इस परिसर में देशभर के क्रांतिकारियों के संघर्ष और बलिदान को स्थान दिया गया है।

अनिल विज ने कहा कि यह स्मारक किसी एक शहर या प्रदेश तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे राष्ट्र की धरोहर है। इसका उद्देश्य उन सभी वीरों को सम्मान देना है, जिन्होंने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष करते हुए देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। अंबाला छावनी में आयोजित होने वाली विशाल जनसभा के माध्यम से भी स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और शहीदों के योगदान का संदेश व्यापक स्तर पर पहुंचाने की तैयारी है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!