नईदिल्ली (25 नवंबर 26)। बांग्लादेश की राजनीति में एक बार फिर बड़ा भूचाल आने के संकेत मिल रहे हैं। करीब 16 महीने से भारत में निर्वासन की जिंदगी बिता रहीं अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना ने स्वदेश लौटने की तारीख का ऐलान कर दिया है। दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने वापसी के लिए वही तारीख चुनी है, जब बांग्लादेश पाकिस्तान से आजादी की जीत का जश्न मनाता है। मौत की सजा सुनाए जाने के बावजूद हसीना ने वापसी का ऐलान कर बांग्लादेश की मौजूदा सरकार के सामने बड़ी राजनीतिक चुनौती खड़ी कर दी है।
भारत में रह रहीं शेख हसीना की 16 दिसंबर को स्वदेश लौटने की योजना है। बांग्लादेश 16 दिसंबर को पाकिस्तान के साथ युद्ध के बाद स्वतंत्रता हासिल करने के उपलक्ष्य में विजय दिवस के रूप में मनाता है। छात्रों के नेतृत्व में हुए व्यापक जनविद्रोह के कारण हसीना के 15 साल के शासन का अंत होने के साथ वह पांच अगस्त, 2024 को भारत चली गई थीं, जहां वह निर्वासन में रह रही हैं। हसीना को उस जनविद्रोह से जुड़े मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई गई थी, जिसमें सैकड़ों प्रदर्शनकारी मारे गए थे। हसीना ने इस फैसले को खारिज करते हुए कहा है कि वह स्वदेश लौटने के बाद मुकदमे का सामना करने के लिए तैयार हैं। स्वदेश लौटने की प्रस्तावित तारीख की घोषणा करते हुए मंगलवार को जारी एक बयान में हसीना ने मौजूदा प्रधानमंत्री तारिक रहमान से राष्ट्रीय विमानन कंपनी के विमान से उनकी स्वदेश वापसी की व्यवस्था करने का आग्रह किया।
हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मिल अली ने एक बयान में कहा, 'चूंकि शेख हसीना पांच अगस्त, 2024 को बांग्लादेश के विमान से भारत गई थीं, इसलिए उन्होंने सरकार से दिल्ली से ढाका तक उनकी वापसी के लिए विमान की व्यवस्था करने का आग्रह किया है।' हसीना के सहयोगी अबू ओबैदा अरिन ने कहा, 'यह बेहद प्रतीकात्मक और महत्वपूर्ण है कि उन्होंने बांग्लादेश लौटने के लिए 16 दिसंबर यानी हमारे विजय दिवस को चुना है। हमें पूरा विश्वास है कि वह इस ऐतिहासिक दिन को अपने देशवासियों के बीच मनाएंगी और अपने पिता बंगबंधु शेख मुजीबुर रहमान के नेतृत्व में हासिल की गई महान विजय का सम्मान करेंगी।'