भोपाल (04 नवंबर 26)। मध्य प्रदेश में राज्यसभा उपचुनाव को लेकर तस्वीर साफ हो गई है। भाजपा उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का नामांकन स्वीकार कर लिया गया है। इसके साथ ही उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया है। वहीं, दो अन्य प्रत्याशियों के नामांकन आवेदन निरस्त कर दिए गए हैं। इस संबंध में विधानसभा सचिवालय की ओर से आदेश जारी किया गया है।
हरदीप सिंह पुरी के नामांकन को लेकर कांग्रेस ने आपत्ति दर्ज कराई थी। निर्वाचन अधिकारी के सामने इस मुद्दे पर कांग्रेस और भाजपा नेताओं के बीच बहस भी हुई। कांग्रेस नेता जेपी धनोपिया ने पुरी के नामांकन फॉर्म में कई खामियां होने का दावा करते हुए उसे निरस्त करने की मांग की थी। धनोपिया ने कहा था कि केंद्रीय मंत्री के नामांकन फॉर्म में गलतियां हैं और यदि पूरी प्रक्रिया बिना किसी दबाव के निष्पक्षता और ईमानदारी से की जाती है, तो उनका नामांकन निरस्त होना चाहिए। हालांकि, निर्वाचन अधिकारी ने कांग्रेस की आपत्ति को खारिज करते हुए हरदीप सिंह पुरी का नामांकन वैध मान लिया। इसके बाद दो अन्य प्रत्याशियों के आवेदन निरस्त होने से पुरी के निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ हो गया।