लंदन (27 नवंबर 26)। दुनिया भर में वीडियो गेम का क्रेज लगातार बढ़ रहा है। 'ग्रैंड थेफ्ट ऑटो' जैसी लोकप्रिय गेम शृंखलाओं को लेकर प्रशंसकों का उत्साह इसका उदाहरण है। लंबे समय से वीडियो गेम को लत और सामाजिक अलगाव जैसी समस्याओं से जोड़कर देखा जाता रहा है, लेकिन शोधकर्ताओं का मानना है कि इनके कुछ सकारात्मक प्रभाव भी हो सकते हैं। वेस्टमिंस्टर विश्वविद्यालय के जॉर्ज फार्मर के अनुसार, वीडियो गेम हमारी सोचने-समझने की क्षमता, सामाजिक जीवन और शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में योगदान दे सकते हैं। हालांकि, इसका लाभ इस बात पर निर्भर करता है कि हम किस तरह के खेल खेलते हैं और उन्हें खेलने का तरीका क्या है।
'ग्रैंड थेफ्ट ऑटो' जैसे तेज गति और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों वाले खेल दिमाग को लगातार सक्रिय रखते हैं। इनमें आभासी शहरों में रास्ता तलाशने, वाहन चलाने, आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने और अचानक सामने आने वाली परिस्थितियों का सामना करने के लिए एकाग्रता और तेजी से निर्णय लेने की जरूरत होती है। वर्ष 2022 में 163 वयस्कों पर किए गए एक अध्ययन में नियमित वीडियो गेम खेलने वालों की तुलना उन लोगों से की गई, जो बहुत कम या बिल्कुल गेम नहीं खेलते थे। नियमित खिलाड़ियों के पसंदीदा खेलों में 'ग्रैंड थेफ्ट ऑटो' और 'असैसिन्स क्रीड' शामिल थे। अध्ययन में पाया गया कि गेम खेलने वाले लोगों ने मानसिक घुमाव से जुड़े परीक्षणों में बेहतर प्रदर्शन किया। इस क्षमता के तहत व्यक्ति कल्पना कर सकता है कि किसी वस्तु को अलग-अलग दिशाओं में घुमाने पर वह कैसी दिखाई देगी। इसके अलावा, वे एक साथ कई गतिशील वस्तुओं पर नजर रखने में भी अधिक सक्षम पाए गए। आमतौर पर माना जाता है कि वीडियो गेम खेलने वाले लोग अकेले रहना पसंद करते हैं और समाज से कट जाते हैं। लेकिन ऑनलाइन गेमिंग की दुनिया ने इस धारणा को काफी हद तक बदल दिया है। आज कई खेल ऐसे हैं, जिनमें दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में बैठे लोग एक साथ खेल सकते हैं, बातचीत कर सकते हैं और साझा लक्ष्य हासिल करने के लिए मिलकर काम कर सकते हैं। जर्मनी में 2,213 वीडियो गेम खेलने वालों और 287 गेम नहीं खेलने वालों पर किए गए एक अध्ययन में पाया गया कि दूसरों के साथ मिलकर गेम खेलने वाले लोगों के सामाजिक संबंध उन लोगों जितने ही मजबूत थे, जो वीडियो गेम नहीं खेलते थे।
अध्ययन में यह भी सामने आया कि जो लोग दूसरों के साथ अधिक समय तक खेलते थे, उनके ऑनलाइन दोस्त बनाने की संभावना भी ज्यादा थी। कोरोना महामारी के दौरान ऐसे खेलों की उपयोगिता और बढ़ गई थी, क्योंकि उस समय लोगों के व्यक्तिगत रूप से मिलने-जुलने के अवसर सीमित थे। इसके अलावा, कुछ ऑनलाइन खेल टीम भावना और आपसी तालमेल को भी बढ़ावा देते हैं। उदाहरण के लिए, 'वर्ल्ड ऑफ टैंक्स' पर किए गए एक अध्ययन में पाया गया कि बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमें मुकाबला शुरू होने से पहले एक-दूसरे के साथ अधिक बातचीत और रणनीति साझा करती थीं। हालांकि, इससे यह साबित नहीं होता कि गेम में विकसित हुआ तालमेल वास्तविक जीवन में भी टीम के साथ काम करने की क्षमता बढ़ाता है। दिनभर काम और भागदौड़ के बाद वीडियो गेम खेलना मनोरंजन और तनाव से राहत पाने का एक जरिया बन सकता है। इससे व्यक्ति कुछ समय के लिए रोजमर्रा की चिंताओं से दूर होकर खुद को तरोताजा महसूस कर सकता है। किसी मुश्किल स्तर को पार करना या चुनौतीपूर्ण लक्ष्य हासिल करना आत्मविश्वास बढ़ाने में भी मदद कर सकता है। इससे व्यक्ति को अपनी क्षमताओं का एहसास होता है। यहां तक कि असफल होने पर भी खिलाड़ी अपनी रणनीति बदलकर दोबारा कोशिश कर सकता है। 27 परिवारों के साथ बातचीत पर आधारित एक अध्ययन में शोधकर्ताओं ने पाया कि 'एनिमल क्रॉसिंग : न्यू होराइजन्स' नामक गेम ने कोरोना महामारी के दौरान कुछ माता-पिता और बच्चों को तनाव से निपटने में मदद की थी।नेशनल वीडियो गेम म्यूजियम की 'एनिमल क्रॉसिंग डायरीज' में भी महामारी के दौरान इस खेल को खेलने वाले लोगों के अनुभव दर्ज किए गए हैं।
यह जरूरी नहीं कि हर वीडियो गेम खेलने के लिए घंटों एक जगह बैठना पड़े। कुछ खेल नृत्य, कसरत और खेलकूद जैसी शारीरिक गतिविधियों पर आधारित होते हैं। इन्हें व्यायाम आधारित वीडियो गेम कहा जाता है। ऐसे खेल उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकते हैं, जिन्हें व्यायाम के पारंपरिक तरीके उबाऊ लगते हैं। आभासी वास्तविकता के जरिए किए जाने वाले व्यायाम पर हुए शोध बताते हैं कि खेल के रूप में कसरत करने से शारीरिक गतिविधियों का आनंद बढ़ सकता है। इसका एक लोकप्रिय उदाहरण 'पोकेमॉन गो' है। यह खेल लोगों को अपने आसपास के इलाकों में पैदल घूमने, अलग-अलग स्थानों पर जाने और डिजिटल जीवों को इकट्ठा करने के लिए प्रेरित करता है।