Tuesday, 24 Nov 2026

सोनिया गांधी का मोदी सरकार पर बड़ा हमला

नईदिल्ली (08 नवंबर 26)। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आरोप लगाया है कि पिछले 12 वर्षों में भारत के सामाजिक ताने-बाने, लोकतंत्र और संस्थाओं को 'भारी नुकसान' पहुंचा है तथा मोदी सरकार के सत्ता से हटने के बाद भी देश की व्यवस्था को फिर से पटरी पर लाने में समय लगेगा। अपनी पुस्तक 'बिलॉन्गिंग : अ जर्नी ऑफ लव' के विमोचन से पहले अंग्रेजी दैनिक अखबार 'द हिंदू' को दिए एक साक्षात्कार में उन्होंने यह भी कहा कि अब लोग देश को हुए नुकसान को महसूस करने लगे हैं और मौजूदा स्थिति को लेकर उनकी बेचैनी बढ़ रही है।

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, 'लेकिन मैं आशावादी हूं और मुझे विश्वास है कि भारत के लोग सुशासन की वापसी का स्वागत करेंगे।' उन्होंने कहा, 'पिछले 12 वर्षों में हमारे देश के सामाजिक ताने-बाने, लोकतंत्र और संस्थाओं को भारी नुकसान पहुंचा है। इस सरकार के सत्ता से जाने के बाद भी हमारी व्यवस्थाओं को पहले की तरह फिर से बेहतर और मजबूत बनाने में समय लगेगा। इसके लिए राजनीतिक दलों को भी काफी प्रयास करने होंगे।' कांग्रेस के कमजोर होते जनाधार और पार्टी की मौजूदा स्थिति तथा भविष्य की संभावनाओं के बारे में पूछे जाने पर गांधी ने कहा, 'मैं इतनी निराशावादी नहीं हूं। इस बात पर गौर कीजिए कि इस सरकार के सत्ता में आने के बाद से कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों को समान अवसर नहीं मिले हैं।' उन्होंने कहा, 'सभी संस्थाओं पर सरकार की पूरी पकड़ है, खासकर निर्वाचन आयोग पर। मुख्यधारा के मीडिया पर उसका नियंत्रण है, उसके पास अकूत धनबल है और वह धर्म का इस्तेमाल भी अपने हित में करती है।'

गांधी ने कहा, 'इसके बावजूद हमारी पार्टी संघर्ष कर रही है और आगे बढ़ रही है। वास्तव में, हमारी पार्टी ही ऐसी है जिसने इस हमले का मजबूती से सामना करने का दमखम दिखाया है।' उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और नेताओं को 'हर तरह के उत्पीड़न का सामना करना पड़ा है।' उन्होंने कहा, 'इसके बावजूद हर गांव और हर जिले में कांग्रेस के कार्यकर्ता संविधान में निहित मूल्यों के लिए संघर्ष कर रहे हैं।' कांग्रेस की वरिष्ठ नेता ने आरोप लगाया, 'इसके अलावा, हाल के महीनों में यह बात पर्याप्त रूप से साबित हुई है कि कई चुनावों में धांधली हुई है और लोगों को अब इसकी जानकारी होने लगी है।' उन्होंने कहा कि कांग्रेस समान विचारधारा वाले दलों के साथ मिलकर काम कर रही है और पार्टी की संभावनाएं दिन-ब-दिन बेहतर हो रही हैं।

हार्पर कॉलिन्स इंडिया द्वारा प्रकाशित उनकी पुस्तक 'बिलॉन्गिंग : अ जर्नी ऑफ लव' एक निजी संस्मरण है, जिसमें राजनीति को उन्होंने पृष्ठभूमि या उनके शब्दों में कहें तो एक तरह के ढांचे के रूप में रखा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके राजनीतिक उभार से कांग्रेस को क्या सबक लेना चाहिए, इस सवाल पर गांधी ने कहा, 'यह सच है कि वह बिल्कुल अलग वैचारिक पृष्ठभूमि से आते हैं। लेकिन कांग्रेस पार्टी में भी लोगों के राजनीति में सफल होने के कई रास्ते हैं। उदाहरण के लिए डॉ. मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को देख सकते हैं।'

Tags:

Follow us

This question is not available..!