इंदौर (13 नवंबर 26)। मध्य प्रदेश के इंदौर के सराफा व्यापारियों का दीपावली मिलन समारोह इस बार सिर्फ मिठाई, मुलाकात और भोज तक सीमित नहीं रहा। आयोजन में कुछ ऐसे दृश्य सामने आए, जिन्होंने राजनीतिक हलकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
दरअसल, इस समारोह में कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय शामिल हुए थे। इसी दौरान विधायक मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़ के बेटे और हिंद रक्षक संगठन के अध्यक्ष एकलव्य सिंह गौड़ ने आगे बढ़कर कैलाश विजयवर्गीय के पैर छुए और उनका अभिवादन किया। इतना ही नहीं, उन्हें केसरिया दुपट्टा पहनाकर सम्मानित भी किया गया। वहीं समारोह के दौरान विधायक मालिनी गौड़ और कैलाश विजयवर्गीय एक ही टेबल पर बैठकर भोज करते नजर आए। दोनों नेताओं की इस सहज मुलाकात और एक साथ भोजन करने की तस्वीरें चर्चा का विषय बन गईं। इस पूरे घटनाक्रम को इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि कुछ दिन पहले ही एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान एकलव्य सिंह गौड़ द्वारा कैलाश विजयवर्गीय को नजरअंदाज किए जाने की चर्चा सोशल मीडिया पर खूब हुई थी। इस घटनाक्रम को लेकर तरह-तरह की राजनीतिक अटकलें भी लगाई गई थीं।
ऐसे में दीपावली मिलन समारोह में एकलव्य का पैर छूकर आशीर्वाद लेना और मालिनी गौड़ का कैलाश विजयवर्गीय के साथ बैठकर भोजन करना एक अलग तस्वीर पेश करता नजर आया। हालांकि, इस मुलाकात को राजनीतिक समीकरणों में बदलाव का संकेत मानना अभी जल्दबाजी होगी। लेकिन इतना जरूर है कि सराफा व्यापारियों के दीपावली मिलन समारोह ने इंदौर की सियासत में चर्चा का नया मुद्दा दे दिया है। अब सवाल यही है कि क्या दीपावली के इस स्नेह मिलन ने सियासी दूरियों को कम करने का संदेश दिया है, या फिर यह महज एक सामाजिक आयोजन में दिखा सम्मान और सौहार्द का दृश्य था?