Wednesday, 18 Nov 2026

सऊदी अरब के दम्माम एयरपोर्ट पर अटैक

रियाद (23 अक्टूबर 26)। सऊदी अरब के दम्माम हवाई अड्डे पर बुधवार रात हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य भारतीय घायल हो गए। भारतीय अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को इसकी जानकारी दी। यह घटना शायबा तेल क्षेत्र पर ड्रोन हमले के एक दिन बाद हुई है, जिसमें एक अन्य भारतीय नागरिक घायल हुआ था। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पर बताया कि सऊदी अधिकारियों ने दम्माम हवाई अड्डे पर हुए हमले में हताहतों की जानकारी दी है। दूतावास के अनुसार, इस हमले में जान गंवाने वाले दो लोगों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल था, जबकि दो भारतीय घायल हुए हैं।

दूतावास ने कहा कि वह घटना से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी जुटा रहा है और प्रभावित परिवारों के संपर्क में है। उसने मृतक के परिवार और प्रियजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की  दम्माम हवाई अड्डे पर हमला ऐसे समय हुआ है, जब सऊदी अरब के ऊर्जा प्रतिष्ठानों, हवाई अड्डों और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों को निशाना बनाकर हमलों की खबरें सामने आ रही हैं। बुधवार को सऊदी अरामको के शायबा तेल क्षेत्र को निशाना बनाकर ड्रोन हमले की कोशिश की गई थी। सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्रालय के अनुसार, वायु रक्षा प्रणालियों ने ड्रोन को बीच में ही रोक दिया, लेकिन उसके मलबे के गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हुए।

मृतकों में फिलीपीन और नेपाल के एक-एक नागरिक शामिल थे। घायलों में भारत और पाकिस्तान का एक-एक नागरिक था। इस घटना में घायल भारतीय को सहायता उपलब्ध कराने के लिए भारतीय दूतावास ने सऊदी अधिकारियों से संपर्क किया था।  सऊदी अधिकारियों के अनुसार, ड्रोन को रोकने के दौरान तेल क्षेत्र में काम करने वाले एक ठेकेदार के वाहन में आग लग गई। यह वाहन तेल क्षेत्र की परिधि के बाहर था। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना का तेल क्षेत्र के परिचालन पर कोई असर नहीं पड़ा। सऊदी अधिकारियों ने सार्वजनिक रूप से दम्माम हवाई अड्डे पर हुए हमले के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान नहीं की है। हालांकि, यह घटना यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से सऊदी अरब के महत्वपूर्ण ठिकानों पर हमले तेज किए जाने के बीच हुई है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!