Tuesday, 24 Nov 2026

व्हाइट हाउस के पास गोलीबारी, 4 लोग घायल

वाशिंगटन (13 नवंबर 26)। अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन, डी.सी. के एक पॉश इलाके में गुरुवार तड़के गोलीबारी की बड़ी वारदात सामने आई है। व्हाइट हाउस से महज पैदल दूरी पर स्थित इस क्षेत्र में चार लोगों को गोली मारी गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर जांच में जुट गई हैं।

पुलिस अधिकारी नाथन क्लार्क के अनुसार, गोलीबारी की यह घटना व्हाइट हाउस से लगभग एक मील उत्तर में स्थित 'लोगन सर्कल' इलाके में हुई है। हालांकि, गोलीबारी की सटीक जगह और घायलों की स्थिति के बारे में फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर 15वीं स्ट्रीट के 1500 ब्लॉक वाले इलाके की पूरी तरह घेराबंदी कर दी है और आम लोगों से इस क्षेत्र से दूर रहने की अपील की है। जिस इलाके में यह घटना हुई, वहां एक विदा फिटनेस सेंटर, सेंट ल्यूक एपिस्कोपल चर्च, कई रिहायशी इमारतें और पास ही में एक 'होल फूड्स' सुपरमार्केट भी स्थित है। सुरक्षा के मद्देनजर घटनास्थल के आसपास के स्कूलों को बंद (लॉकडाउन) कर दिया गया है और आसपास की सड़कों पर ट्रैफिक पूरी तरह रोक दिया गया है। भारी पुलिस बल के साथ-साथ संघीय एजेंसी 'ब्यूरो ऑफ अल्कोहल, टोबैको, फायरआर्म्स एंड एक्सप्लोसिव्स' के एजेंट भी जांच में मदद के लिए मौके पर पहुंच गए हैं।

गौरतलब है कि लोगन सर्कल का यही इलाका अगस्त 2025 की शुरुआत में भी चर्चा में रहा था। उस समय रविवार तड़के कुछ किशोरों के एक समूह ने कार लूटने (कारजैकिंग) के इरादे से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 'सरकारी दक्षता विभाग' के एक पूर्व सदस्य और एक महिला पर हमला किया था। इस घटना के कुछ ही दिनों बाद, ट्रंप ने स्थानीय प्रशासन को दरकिनार करते हुए शहर पर सीधा संघीय नियंत्रण लागू कर दिया था और अपराध पर लगाम लगाने के लिए सैकड़ों नेशनल गार्ड जवानों को तैनात किया था, जिनकी तैनाती आज भी जारी है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!