Friday, 27 Nov 2026

लोकभवन में 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' संकल्पना की झलक

भोपाल (04 नवंबर 26)। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' संकल्पना के तहत भारत के सभी राज्यों के स्थापना दिवस के आयोजन की पहल अत्यंत सराहनीय और दूरदर्शी है। यह भारत की विविधता में एकता की शक्ति का उत्सव है। एक-दूसरे के राज्यों की संस्कृति को जानने, समझने और गर्व करने का पावन प्रसंग है। हमारी गौरवशाली भारतीय संस्कृति की अमूल्य परंपराओं और अनेकता में एकता के शाश्वत भाव को साकार करने का आयोजन है। राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के गठन की स्मृतियों को संजोने और भारत की संघीय व्यवस्था, सांस्कृतिक वैभव और अखंडता के गौरव का पर्व है। उन्होंने कहा कि राज्यों के स्थापना दिवस के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उन राज्यों की लोक कला, संस्कृति की झलक को को करीब से देखने का अवसर मिलता है। सभी प्रस्तुतियां समृद्ध भारतीय संस्कृति का जीवंत प्रतीक है।

राज्यपाल पटेल मंगलवार को लोकभवन में 01 नवंबर को गठित मध्यप्रदेश सहित पंजाब, हरियाणा, छत्तीसगढ़, चंडीगढ़, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख के स्थापना दिवस के संयुक्त समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने उक्त सभी प्रदेशवासियों को उनके राज्य स्थापना दिवस की बधाई दी। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना की। सभी प्रतिभागियों को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। लोकभवन के सांदीपनि सभागार में आयोजित समारोह में राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी भी मौजूद थे। राज्यपाल पटेल का कार्यक्रम के प्रारंभ में भोपाल पंजाबी समाज के प्रतिनिधि जे.पी.एस अरोणा, हरियाणवी समाज के प्रतिनिधि ओमप्रकाश खुराना और छत्तीसगढ़ राज्य सांस्कृतिक परिषद के प्रतिनिधि राजेश कुमार कर्ष एवं सदस्यों ने पुष्पगुच्छ, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया। समारोह में पंजाब, हरियाणा, छत्तीसगढ़, चंडीगढ़, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख के परिचय पर आधारित लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत पंजाब की ओर से गुरूवाणी, लोकगीत बन्ना-बन्नी और गिद्धा नृत्य की प्रस्तुति दी गई। हरियाणा राज्य की ओर से लोक संस्कृति पर आधारित आकर्षक नृत्य प्रस्तुति दी गई। छत्तीसगढ़ राज्य की ओर छत्तीसगढ़ी लोक संगीत और शक्ति उपासना पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई। अंत में मध्यप्रदेश के विकास और वैभव से परिचित कराने वाली लघु फिल्म का प्रसारण किया गया। आभार भोपाल पंजाबी समाज के प्रतिनिधि श्री जे.पी.एस अरोणा ने व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन लोकभवन नियंत्रक हाउस होल्ड शिल्पी दिवाकर ने किया। इस अवसर पर राज्यपाल के उप सचिव सुनील दुबे, पंजाब, हरियाणा, छत्तीसगढ़, चंडीगढ़, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख के मध्यप्रदेश में निवासरत नागरिक और लोकभवन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Tags: