शिवपुरी (13 नवंबर 26)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हमारी सरकार प्रदेश की सभी बहनों को आत्मनिर्भर, आर्थिक रूप से समृद्ध बनाकर इनके जीवन में खुशहाली लाने के संकल्प के साथ तेजी से आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बहनें हमारा मान है, सम्मान है। बहनों से ही हर घर में रौनक है। इनके स्वाभिमान की रक्षा कर हम इन्हें स्वावलंबी बना रहे हैं। बहनों के स्वावलंबी बनने से ही प्रदेश में समृद्धि आएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय संस्कृति में हमारे देश को भी माता का दर्जा मिला है। दुनिया में भारतवासी ही हैं, जो अपने देश को माता के रूप में पूजते हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को शिवपुरी जिले के पिछोर में आयोजित राज्य स्तरीय महिला सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पिछोर से लाड़ली बहना योजना के तहत प्रदेश की 1 करोड़ 24 लाख 81 हजार 550 पात्र लाड़ली बहनों को 42वीं किश्त के रूप में 1831 करोड़ रूपए से अधिक की सम्मान राशि (प्रत्येक को 1500-1500 रूपए) सिंगल क्लिक से पात्र बहनों के बैंक खातों में अंतरित कर भाईदूज का उपहार दिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में मप्र राज्य आजीविका मिशन में कार्य कर रहे 5.5 लाख से अधिक स्व-सहायता समूहों को भी नगद साख सीमा के रूप में सिंगल क्लिक से 200 करोड़ रूपए से अधिक की सहायता राशि अंतरित की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यहां 221.22 करोड़ रूपए की लागत के कुल 121 विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण कर शिवपुरी जिलेवासियों को दीपावली की सौगात दी। इसमें 186.23 करोड़ रूपए की लागत वाले 85 कार्यों का भूमि-पूजन और 35 करोड़ रूपए की लागत के 36 विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यहां विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने पिछोर को जिला बनाने की मांग की। जनप्रतिनिधियों की मांग का समर्थन कर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा परिसीमन आयोग का गठन किया गया है। परिसीमन आयोग द्वारा अनुशंसा करने पर पिछोर को जिला बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शिवपुरी जिले को कुछ माह पहले ही 6 हजार करोड़ के डिफेंस इंडस्ट्री कॉरिडोर की सौगात मिली है। हमारी सरकार प्रदेश के कोने-कोने में उद्योग स्थापित करने के लिए हर संभव कार्य कर रही है। कार्यक्रम में मौजूद केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने केन्द्र सरकार द्वारा किसानों और महिलाओं के हित में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में किसानों को सम्मान निधि और देश की मातृशक्ति को पीएम आवास योजना और पीएम उज्जवला (गैस कनेक्शन) योजना की सौगातें मिल रही हैं। मध्यप्रदेश सरकार प्रदेश की सभी पात्र बहन-बेटियों को लाड़ली लक्ष्मी, लाड़ली बहना और मुख्यमंत्री कन्यादान योजना से लाभान्वित कर रही है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के लागू होने पर बहुत जल्द देश की संसद और राज्य की विधानसभाओं में बहनों को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। इससे देश की संसद में 33 प्रतिशत सांसद महिलाएं होंगी, वहीं राज्यों की विधानसभाओं में 33 प्रतिशत विधायक महिलाएं ही होंगी।
सम्मेलन को पिछोर विधायक प्रीतम लोधी एवं जिलाध्यक्ष जसवंत सिंह जाटव ने भी संबोधित किया। सम्मेलन में मप्र युवा आयोग के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा, ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाहा, विधायक रमेश खटीक, देवेन्द्र जैन, महेन्द्र यादव, शकुंतला खटीक, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में गामीण उपस्थित रहे।