Friday, 27 Nov 2026

रूस-यूक्रेन के बीच सबसे बड़े समझौते की तैयारी

अबुधाबी (12 नवंबर 26)। अमेरिका की मध्यस्थता में अबू धाबी में  रूस और यूक्रेन के बीच दो दिन तक चली बातचीत बुधवार को समाप्त हो गई। इस दौरान दोनों देशों ने युद्धबंदियों की अब तक की सबसे बड़ी अदला-बदली करने पर सहमति जताई। हालांकि, इसमें शामिल कैदियों की अंतिम संख्या बृहस्पतिवार को तय की जाएगी।अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर ने वार्ता समाप्त होने के बाद कहा कि बातचीत का एक सकारात्मक नतीजा यह रहा कि दोनों पक्ष कैदियों की सबसे बड़ी मानवीय रिहाई के लिए सहमत हुए हैं। रूसी प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख व्लादिमीर मेडिंस्की और यूक्रेन की ओर से वार्ता का नेतृत्व कर रहे रुस्तेम उमेरोव ने भी इस सहमति की पुष्टि की।

रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडलों के बीच करीब नौ महीने बाद यह पहली सीधी बैठक थी। इससे पहले दोनों देशों के बीच फरवरी में जिनेवा में बातचीत हुई थी। हालांकि, इस बार भी युद्ध समाप्त करने को लेकर किसी बड़े समझौते की उम्मीद कम थी। करीब पांच साल से जारी युद्ध के दौरान दोनों देश समय-समय पर युद्धबंदियों की अदला-बदली करते रहे हैं। इस बार बातचीत में कैदियों की रिहाई के अलावा यूक्रेन के हिरासत में लिए गए नागरिकों की वापसी और रूस ले जाए गए। कुशनर ने बताया कि वह और अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ बृहस्पतिवार को मॉस्को जाएंगे, जहां उनकी मुलाकात रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से होगी। इसके बाद वे डबलिन जाकर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से मिलेंगे। अमेरिका इन बैठकों के जरिए अपनी शांति पहल को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने अबू धाबी की बातचीत को बेहद उपयोगी बताया, लेकिन साथ ही कहा कि युद्ध रोकने की दिशा में किसी ठोस सफलता तक पहुंचने में समय लगेगा।

यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने मंगलवार की बैठक को रचनात्मक और काफी सार्थक बताया था। उनके अनुसार, बातचीत में मानवीय मुद्दों के साथ यूक्रेन की सुरक्षा गारंटी पर भी चर्चा हुई। हालांकि, रूस और यूक्रेन ने अपनी प्रमुख मांगों पर समझौता करने की कोई इच्छा नहीं दिखाई है। यूक्रेन का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को यूरोपीय अधिकारियों से भी मिलने वाला था। यूरोपीय देशों, यूरोपीय संघ और नाटो के प्रतिनिधि अबू धाबी में मौजूद थे और यूक्रेनी पक्ष के साथ विचार-विमर्श कर रहे थे। रूस हालांकि प्रत्यक्ष वार्ता में यूरोपीय देशों की भागीदारी का विरोध करता रहा है। शांति वार्ता के बीच दोनों देशों के बीच सैन्य संघर्ष थमा नहीं है। रूस और यूक्रेन लंबी दूरी की मिसाइलों और ड्रोन से एक-दूसरे को निशाना बना रहे हैं।

Tags: